राजेश शर्मा की बीमारी पर बड़ा खुलासा, जहरीले कीड़े के काटने की खबर निकली अफवाह, जानें अब कैसी है एक्टर की हालत

KNEWS DESK – बॉलीवुड और टॉलीवुड में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाने वाले अभिनेता राजेश शर्मा की तबीयत को लेकर पिछले कुछ दिनों से कई तरह की खबरें सामने आ रही थीं। कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती अभिनेता को लेकर सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि शूटिंग के दौरान किसी जहरीले कीड़े या मकड़ी के काटने से उन्हें गंभीर इंफेक्शन हो गया है। अब इन सभी खबरों पर उनके करीबी ने सफाई देते हुए पूरी सच्चाई बताई है।

राजेश शर्मा के असिस्टेंट और मैनेजर इंचार्ज सुभाशीष पंडा ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि अभिनेता को किसी जहरीले जीव ने नहीं काटा था और ऐसी खबरें पूरी तरह गलत हैं।

जहरीले कीड़े के काटने की खबरों को बताया गलत

सुभाशीष पंडा ने एक इंटरव्यू में बताया कि हैदराबाद में शूटिंग के दौरान राजेश शर्मा के साथ ऐसी कोई घटना नहीं हुई थी, जैसा कि कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैली ये खबरें सिर्फ अफवाह हैं, जिनकी वजह से फैंस बेवजह परेशान हो रहे हैं।

उन्होंने साफ किया कि अभिनेता की तबीयत खराब होने की असली वजह कुछ और है।

पैर में इंफेक्शन के बाद बिगड़ी तबीयत

सुभाशीष के मुताबिक, राजेश शर्मा शूटिंग पूरी करने के बाद पिछले गुरुवार को हैदराबाद से कोलकाता लौटे थे और उस समय उनकी तबीयत बिल्कुल ठीक थी। इसके बाद रविवार को अचानक उनके पैर में इंफेक्शन और खुजली की समस्या शुरू हुई।

जांच के दौरान पता चला कि अभिनेता लंबे समय से हाई ब्लड शुगर यानी डायबिटीज की समस्या से जूझ रहे हैं। इसी वजह से पैर में हुआ छोटा सा इंफेक्शन तेजी से बढ़ गया।

बताया गया कि खुजली होने पर पैर खुजलाने से त्वचा पर हल्का घाव बन गया था, जिसने बाद में इंफेक्शन का रूप ले लिया।

फेफड़ों तक नहीं फैला संक्रमण

राजेश शर्मा के फैंस के लिए राहत की खबर है कि संक्रमण शरीर के अंदरूनी हिस्सों या फेफड़ों तक नहीं पहुंचा है। सुभाशीष ने बताया कि इंफेक्शन सिर्फ त्वचा तक सीमित है और डॉक्टरों की निगरानी में अभिनेता का इलाज चल रहा है।

उन्होंने कहा कि राजेश शर्मा की हालत में अब काफी सुधार है और वह तेजी से रिकवर कर रहे हैं। अगर उनकी सेहत इसी तरह बेहतर होती रही तो जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।

इससे पहले खबरें सामने आई थीं कि राजेश शर्मा को सुपरस्टार प्रभास की फिल्म की शूटिंग के दौरान रामोजी फिल्म सिटी में किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया था, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *