KNEWS DESK – रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी जमकर चर्चा हो रही है। जहां एक तरफ ट्रेलर के विजुअल्स और स्टारकास्ट की तारीफ हो रही है, वहीं दूसरी तरफ फैंस ने टीजर और ट्रेलर की तुलना करते हुए दावा किया है कि मेकर्स ने कुछ अहम सीन्स में बदलाव किए हैं।
दरअसल, फिल्म का टीजर इसी साल अप्रैल में रिलीज हुआ था। उस समय कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कुछ VFX शॉट्स, खासकर राक्षसों के लुक और लाइटिंग को लेकर आलोचना की थी। अब ट्रेलर आने के बाद लोगों का कहना है कि मेकर्स ने फीडबैक को ध्यान में रखते हुए कई विजुअल्स में सुधार किया है।
1. राक्षसों के लुक में दिखा बदलाव
टीजर में राक्षसों का लुक कई दर्शकों को जरूरत से ज्यादा CGI और कार्टून जैसा लगा था। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि ट्रेलर में इन्हीं किरदारों के डिजाइन और टेक्सचर को बेहतर बनाया गया है। नए वर्जन में उनका लुक पहले के मुकाबले ज्यादा वास्तविक और प्रभावशाली नजर आ रहा है।
2. भगवान राम वाले सीन की कलर ग्रेडिंग बदली
फैंस ने एक और बदलाव रणबीर कपूर के उस शॉट में नोटिस किया है, जिसमें उनका किरदार पीछे से दिखाई देता है। टीजर में इस सीन का रंग काफी पीला (Yellow Tone) नजर आ रहा था, जबकि ट्रेलर में उसी शॉट की कलर ग्रेडिंग बदली हुई दिखाई देती है। नए वर्जन में रंग ज्यादा नेचुरल और संतुलित लग रहे हैं।
3. रणबीर कपूर के एक्शन शॉट में बेहतर VFX
एक और बदलाव उस सीन में देखने को मिला है, जिसमें रणबीर कपूर पहाड़ों के बीच हथियार लिए खड़े नजर आते हैं। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने टीजर और ट्रेलर की तुलना करते हुए दावा किया कि इस शॉट की लाइटिंग, एक्सपोजर और विजुअल इफेक्ट्स को पहले से बेहतर किया गया है। उनका कहना है कि ट्रेलर में चमक को नियंत्रित किया गया है और भगवान राम के किरदार को ज्यादा प्रभावशाली तरीके से पेश किया गया है।
https://www.instagram.com/reels/DbZWLW0IgdF
सोशल मीडिया पर हो रही तुलना
ट्रेलर रिलीज होने के बाद कई यूजर्स टीजर और ट्रेलर के स्क्रीनशॉट व वीडियो शेयर कर दोनों की तुलना कर रहे हैं। हालांकि, मेकर्स की ओर से इन बदलावों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में यह दावा फिलहाल सोशल मीडिया पर फैंस द्वारा की जा रही तुलना और चर्चाओं पर आधारित है।
फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ इस साल दीवाली पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि इसका दूसरा भाग दीवाली 2027 में दर्शकों के बीच आएगा।