बॉक्स ऑफिस पर भिड़ेंगी कंगना रनौत और दिलजीत दोसांझ, जानिए किस फिल्म का दर्शकों को ज्यादा इंतजार

KNEWS DESK – बॉलीवुड में जून का महीना एक बड़े बॉक्स ऑफिस मुकाबले का गवाह बनने जा रहा है। 12 जून को अभिनेत्री कंगना रनौत और अभिनेता-सिंगर दिलजीत दोसांझ अपनी-अपनी फिल्मों के साथ सिनेमाघरों में आमने-सामने होंगे। जहां कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ रिलीज होने जा रही है, वहीं दिलजीत दोसांझ की रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ भी उसी दिन दर्शकों के बीच पहुंचेगी।

रिलीज से पहले दोनों फिल्मों को लेकर चर्चा तेज है, लेकिन ऑनलाइन ट्रेंड्स और दर्शकों की दिलचस्पी के आंकड़े दिलजीत दोसांझ की फिल्म के पक्ष में नजर आ रहे हैं। फिल्म के ट्रेलर और गानों को सोशल मीडिया पर शानदार प्रतिक्रिया मिली है। खासकर इसके गानों पर बड़ी संख्या में रील्स और वीडियो बनाए जा रहे हैं, जिससे फिल्म का बज लगातार बढ़ रहा है।

ऑनलाइन मूवी ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म्स पर भी ‘मैं वापस आऊंगा’ को ज्यादा पसंद किया जा रहा है। दर्शकों की उत्सुकता को मापने वाले कई इंडिकेटर्स में यह फिल्म आगे दिखाई दे रही है। वहीं दूसरी तरफ कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’ को लेकर अपेक्षाकृत कम चर्चा देखने को मिल रही है।

दिलजीत दोसांझ की इस फिल्म का निर्देशन इम्तियाज अली ने किया है। फिल्म में दिलजीत के साथ शरवरी वाघ और वेदांग रैना मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह भी अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म को एक इमोशनल लव स्टोरी के रूप में पेश किया जा रहा है।

दूसरी ओर ‘भारत भाग्य विधाता’ एक गंभीर और प्रेरणादायक कहानी पर आधारित फिल्म है। इसकी कहानी 2008 के मुंबई आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर बुनी गई है। फिल्म में एक नर्स की बहादुरी और मानवता की मिसाल को दिखाया गया है, जिसने संकट की घड़ी में कई लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई थी।

अब देखना दिलचस्प होगा कि सोशल मीडिया पर बढ़त बनाने वाली ‘मैं वापस आऊंगा’ बॉक्स ऑफिस पर भी अपनी बढ़त कायम रख पाती है या फिर कंगना रनौत की कंटेंट-ड्रिवन फिल्म दर्शकों का दिल जीतकर बड़ा उलटफेर करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *