knews desk – बॉलीवुड के मशहूर गायक कैलाश खेर अपनी दमदार आवाज के साथ-साथ अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में रहते हैं. अब सिंगर ने मुंबई में मौजूद अपनी एक कमर्शियल प्रॉपर्टी बेचकर सुर्खियां बटोरी हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैलाश खेर ने अपना ऑफिस 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की कीमत में बेचा है, जिससे उन्हें लाखों रुपये का फायदा हुआ.
10.75 करोड़ रुपये में बेचा ऑफिस
CRE Matrix से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कैलाश खेर के पास मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स यानी BKC में ‘ट्रेड सेंटर’ बिल्डिंग के सातवें फ्लोर पर 2,619 स्क्वेयर फीट का ऑफिस स्पेस था. इस प्रॉपर्टी को उन्होंने नवंबर 2025 में 10.50 करोड़ रुपये में खरीदा था.
अब करीब एक साल पूरा होने से पहले ही उन्होंने इसे 10.75 करोड़ रुपये में बेच दिया. यह सौदा 9 सितंबर 2026 को हुआ. डॉक्यूमेंट्स के अनुसार, कैलाश खेर ने यह ऑफिस ‘लेकवाटर रिटेल प्राइवेट लिमिटेड’ को बेचा है.
कैलाश खेर को हुआ 25 लाख रुपये का फायदा
कैलाश खेर ने ऑफिस खरीदने के लिए 10.50 करोड़ रुपये खर्च किए थे. वहीं, इसे बेचने पर उन्हें 10.75 करोड़ रुपये मिले. इस तरह उन्हें इस सौदे से करीब 25 लाख रुपये का मुनाफा हुआ.
इस ऑफिस के साथ एक कार पार्किंग स्पेस भी शामिल था. प्रॉपर्टी के रजिस्ट्रेशन के दौरान 64.50 लाख रुपये की स्टांप ड्यूटी भी चुकाई गई.
मुंबई का बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स देश के सबसे महंगे और प्रमुख कमर्शियल इलाकों में शामिल है. यहां कई बड़े कारोबारी, कंपनियां और सेलिब्रिटीज प्रॉपर्टी के मालिक हैं. कैलाश खेर का ऑफिस भी इसी इलाके की ‘ट्रेड सेंटर’ बिल्डिंग में स्थित था.
170 करोड़ रुपये की है कैलाश खेर की नेटवर्थ
कैलाश खेर का जन्म 7 जुलाई 1973 को मेरठ में हुआ था. बचपन से ही संगीत में रुचि रखने वाले कैलाश खेर ने अपनी सूफी और दमदार आवाज से बॉलीवुड में खास पहचान बनाई.
उन्होंने ‘तेरी दीवानी’, ‘सैंया’, ‘या रब्बा’, ‘बम लहरी’, ‘चांद सिफारिश’ और ‘जय जयकारा’ जैसे कई लोकप्रिय गानों से लोगों के दिलों में जगह बनाई है.
सेलिब्रिटी नेटवर्थ से जुड़ी रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैलाश खेर की कुल संपत्ति करीब 170 करोड़ रुपये है. वह एक गाने के लिए 20 लाख रुपये तक फीस लेते हैं. उनके पास लैंड रोवर रेंज रोवर स्पोर्ट जैसी लग्जरी कार और करीब 2.13 लाख रुपये की जावा पेरक बॉबर बाइक भी है.