KNEWS DESK – बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण इन दिनों हर तरफ चर्चा का केंद्र बनी हुई है। हाल ही में रिलीज हुए टीजर ने जहां फैंस की एक्साइटमेंट को बढ़ा दिया, वहीं सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस भी तेज हो गई है। खासतौर पर रणबीर कपूर के राम वाले लुक को लेकर लोग अलग-अलग राय दे रहे हैं।
इसी बीच अब एक ऐसा रिएक्शन सामने आया है, जिसने इस चर्चा को और गहरा कर दिया है। रामायण में लक्ष्मण का किरदार निभाकर घर-घर मशहूर हुए सुनील लहरी ने हाल ही में फिल्म के टीजर पर अपनी राय रखी है।
सुनील लहरी ने टीजर की भव्यता और विजुअल्स की तारीफ की, लेकिन साथ ही एक अहम कमी की ओर भी इशारा किया। उनका कहना है कि रणबीर कपूर एक बेहतरीन अभिनेता हैं, लेकिन भगवान राम के किरदार में जो मासूमियत, शांति और धैर्य झलकना चाहिए, वह उन्हें टीजर में पूरी तरह नजर नहीं आया।
उन्होंने तुलना करते हुए अरुण गोविल का जिक्र किया और कहा कि उनके चेहरे पर जो सहजता और दिव्यता दिखती थी, वही इस किरदार की असली पहचान है। उनके मुताबिक, भगवान राम का किरदार सिर्फ बड़े सेट्स और शानदार लुक से नहीं, बल्कि भावनाओं और आंतरिक शांति से जीवंत होता है।
हालांकि, सुनील लहरी ने यह भी स्पष्ट किया कि सिर्फ एक टीजर के आधार पर पूरी फिल्म को आंकना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि टीजर का उद्देश्य फिल्म की भव्यता दिखाना होता है, जबकि असली ताकत कहानी और इमोशनल कनेक्शन में होती है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘रामायण’ जैसी पौराणिक कथा में भावनाएं सबसे महत्वपूर्ण होती हैं। चाहे फिल्म का बजट कितना भी बड़ा क्यों न हो, अगर दर्शक किरदारों से भावनात्मक रूप से जुड़ नहीं पाए, तो फिल्म का असर कम हो सकता है।