केरलः चुनावी रैली में पीएम मोदी का विपक्ष पर हमला, बोलें- कांग्रेस देशहित के खिलाफ, LDF का काउंटडाउन शुरू

डिजिटल डेस्क- केरल विधानसभा चुनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को तिरुवल्ला में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और लेफ्ट पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी बयानबाजी कर रही है जिससे वेस्ट एशिया के देश भारत को अपना दुश्मन समझने लगें और इसका नुकसान देश के लोगों को उठाना पड़े। प्रधानमंत्री ने कहा, “कांग्रेस चाहती है कि गल्फ देशों में पैनिक फैले और वहां रह रहे भारतीयों को परेशानी हो। ताकि उन्हें मुझे गाली देने का मौका मिल जाए। लेकिन मेरे लिए राजनीति से ऊपर केरल के लोगों की सुरक्षा है और मैं इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं।” सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने LDF सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि 9 अप्रैल को मतदान और 4 मई को नतीजों के साथ दशकों के “कुशासन” का अंत हो जाएगा। उन्होंने कहा कि केरल में बदलाव की लहर साफ दिखाई दे रही है और पहली बार NDA की सरकार बनने जा रही है।

केरल अबतक LDF और UDF के बीच फंसा रहा- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल अब तक LDF और UDF के बीच फंसा रहा है, लेकिन इस बार जनता दोनों को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा, “मैं पहले भी यहां आया हूं, लेकिन इस बार हवा का रुख बदला हुआ है। जनता परिवर्तन चाहती है और यह भीड़ इसका प्रमाण है।” विकास के मुद्दे पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि केरल प्राकृतिक संसाधनों और संभावनाओं से भरपूर राज्य है, लेकिन मौजूदा सरकार की नीतियों के कारण वह विकास की दौड़ में पीछे रह गया है। उन्होंने ब्लू इकोनॉमी, पर्यटन और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सही नेतृत्व मिलने पर केरल तेजी से आगे बढ़ सकता है।

राज्य सरकार के कार्यों की आलोचना

प्रधानमंत्री ने बुनियादी सुविधाओं की कमी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़कें खराब हैं, बड़े पुलों का निर्माण नहीं हुआ और मेडिकल कॉलेजों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि LDF-UDF सरकारों ने इन मुद्दों पर कभी गंभीरता से काम नहीं किया। सभा के दौरान पीएम मोदी ने सबरीमाला और भगवान अयप्पा का भी उल्लेख किया और इसे केरल की सांस्कृतिक पहचान से जोड़ा। उन्होंने कहा कि सबरीमाला रेलवे परियोजना क्षेत्र के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन राज्य सरकार ने इसे लटका कर रखा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि “डबल इंजन सरकार” बनने पर ऐसी सभी बाधाएं दूर की जाएंगी।