संजय दत्त के फैंस के लिए खुशखबरी! ‘कांटे 2’ को लेकर आया बड़ा अपडेट

KNEWS DESK – बॉलीवुड में इन दिनों सीक्वल फिल्मों का दौर चल रहा है और इसी कड़ी में अभिनेता संजय दत्त की एक और सुपरहिट फिल्म के सीक्वल की चर्चा शुरू हो गई है। जहां एक तरफ 1993 में रिलीज हुई कल्ट फिल्म ‘खलनायक’ के सीक्वल ‘खलनायक रिटर्न्स’ को लेकर फैंस उत्साहित हैं, वहीं अब 2002 की चर्चित फिल्म ‘कांटे’ के दूसरे भाग को लेकर भी बड़ी जानकारी सामने आई है।

मशहूर फिल्म निर्देशक संजय गुप्ता ने हाल ही में संकेत दिए हैं कि ‘कांटे 2’ पर काम शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि फिल्म की कहानी का शुरुआती खाका तैयार कर लिया गया है और अब इसे विस्तार देने की प्रक्रिया जारी है। यदि सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो संजय दत्त और संजय गुप्ता की सफल जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आ सकती है।

संजय दत्त और संजय गुप्ता का साथ बॉलीवुड की सबसे सफल अभिनेता-निर्देशक जोड़ियों में गिना जाता है। दोनों ने अब तक कई चर्चित फिल्मों में साथ काम किया है। ‘आतिश’, ‘जंग’, ‘कांटे’, ‘मुसाफिर’, ‘जिंदा’ और ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ जैसी फिल्मों ने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी। अगर ‘कांटे 2’ बनती है तो यह दोनों की साथ में 11वीं फिल्म होगी।

एक इंटरव्यू के दौरान संजय गुप्ता ने संजय दत्त की तारीफ करते हुए कहा कि उनके अभिनय कौशल का हमेशा सही तरीके से इस्तेमाल नहीं किया गया। उनके मुताबिक संजय दत्त में आज भी ऐसी क्षमता है कि वह अकेले दम पर किसी भी फिल्म को आगे बढ़ा सकते हैं, बशर्ते उन्हें मजबूत कहानी और दमदार किरदार मिले।

निर्देशक ने यह भी खुलासा किया कि पहले ‘कांटे’ कुछ कानूनी विवादों में फंस गई थी, लेकिन अब वे सभी मुद्दे सुलझ चुके हैं। यही वजह है कि वह अब इसके सीक्वल पर पूरी गंभीरता से काम कर रहे हैं। हालांकि फिल्म को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन इस खबर ने संजय दत्त के प्रशंसकों की उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *