दिव्येंदु शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड, 3 महीने में दो 100 करोड़ी फिल्मों का बने हिस्सा

KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्टर दिव्येंदु शर्मा इन दिनों ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में अपने पॉपुलर किरदार मुन्ना त्रिपाठी यानी मुन्ना भैया को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म में एक बार फिर उनके किरदार का वही स्वैग और अंदाज देखने को मिल रहा है, जिसे दर्शकों ने वेब सीरीज में खूब पसंद किया था। फिल्म की रिलीज के साथ ही दिव्येंदु ने अपने नाम एक खास उपलब्धि भी दर्ज कर ली है।

‘मिर्जापुर: द मूवी’ में दिव्येंदु के साथ अली फजल, पंकज त्रिपाठी और जितेंद्र कुमार जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं। गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के महज 4 दिनों में फिल्म ने 109.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है और 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर ली है।

3 महीने में दिव्येंदु की दो 100 करोड़ी फिल्में

‘मिर्जापुर: द मूवी’ के 100 करोड़ क्लब में शामिल होते ही दिव्येंदु शर्मा के नाम एक खास रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। एक्टर ने महज तीन महीने के अंदर दो 100 करोड़ से ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में काम किया है।

इससे पहले दिव्येंदु की फिल्म ‘पेद्दी’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। यह फिल्म 4 जून को रिलीज हुई थी, यानी ‘मिर्जापुर: द मूवी’ से ठीक तीन महीने पहले। बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी इस स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म में राम चरण लीड रोल में नजर आए थे, जबकि दिव्येंदु ने नेगेटिव किरदार निभाया था।

‘पेद्दी’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। फिल्म ने भारत में 244.64 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। इसके बाद अब ‘मिर्जापुर: द मूवी’ भी 100 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी है।

यानी तीन महीने के भीतर दिव्येंदु शर्मा ने लगातार दो बड़ी फिल्मों का हिस्सा बनकर बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।

मुन्ना भैया बनकर फिर छाए दिव्येंदु

‘मिर्जापुर’ सीरीज में मुन्ना त्रिपाठी का किरदार दिव्येंदु के करियर के सबसे चर्चित किरदारों में से एक है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में भी वह इसी किरदार में नजर आ रहे हैं। मुन्ना भैया के अंदाज और डायलॉग्स को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।

फिलहाल ‘मिर्जापुर: द मूवी’ सिनेमाघरों में दर्शकों का मनोरंजन कर रही है, जबकि ‘पेद्दी’ को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकता है। दिव्येंदु की लगातार दो फिल्मों का 100 करोड़ क्लब में पहुंचना उनके लिए किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *