KNEWS DESK – ‘धुरंधर’ के सॉन्ग ‘शरारत’ से सुर्खियां बटोर चुकीं एक्ट्रेस आयशा खान एक बार फिर चर्चा में हैं। अपने फनी सेंस ऑफ ह्यूमर और बिंदास अंदाज के लिए जानी जाने वाली आयशा ने इस बार ऐसा दावा किया है, जिसने फैंस को हैरान कर दिया है।

हाल ही में आयशा खान ने अर्चना पूरन सिंह के बेटे आर्यमन के व्लॉग में अपनी जिंदगी से जुड़ी कई अनोखी बातें शेयर कीं। इस दौरान उन्होंने मजाकिया लेकिन गंभीर अंदाज में कहा कि उन्हें लगता है कि उन पर काला जादू किया गया है।
“लाइफ में कुछ ना कुछ अजीब हो रहा है”
व्लॉग में आयशा ने बताया कि उनकी जिंदगी में पिछले कुछ समय से लगातार अजीब घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा, “मेरी लाइफ में हमेशा कुछ ना कुछ होता रहता है, मेरे पास बताने के लिए क्रेजी स्टोरीज रहती हैं।”

आयशा ने यह भी बताया कि एक दिन उनकी तबीयत बेहद खराब थी और वह बेड से उठ भी नहीं पा रही थीं, लेकिन फिर भी खुद को संभालकर बाहर निकलीं।
डिलीवरी बॉक्स से मिला रहस्यमयी पैकेट
आयशा ने एक हैरान करने वाला किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनके पास एक कॉल आ रही थी, जिसमें कहा जा रहा था कि उनका कोई ऑर्डर डिलीवर होना है।

हालांकि आयशा को याद नहीं था कि उन्होंने कुछ ऑर्डर किया है, फिर भी उन्होंने डिलीवरी मंगवाई। लेकिन जब पैकेट खोला गया, तो अंदर का नजारा देखकर वह चौंक गईं। उनके मुताबिक, “बॉक्स के अंदर एक पैकेट में मिट्टी थी, जो मैंने मंगवाई ही नहीं थी।”
600 रुपये लेकर छोड़ा गया पैकेट
आयशा ने बताया कि उन्होंने डिलीवरी बॉय को समझाया कि यह उनका ऑर्डर नहीं है, लेकिन पैकेट खुल चुका था, इसलिए उनसे 600 रुपये ले लिए गए।

इस पूरे अनुभव के बाद आयशा ने मजाकिया अंदाज में कहा, “अगर किसी ने मुझ पर काला जादू किया है तो थोड़ा धीरे करे, मुझे पूरा खत्म ही कर दे।”