KNEWS DESK – अजय देवगन एक बार फिर बड़े पर्दे पर दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार हैं। लंबे इंतजार और कई बार रिलीज टलने के बाद आखिरकार उनकी बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और इसका असर एडवांस बुकिंग के आंकड़ों में भी नजर आने लगा है।
फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू होते ही इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘धमाल 4’ ने एडवांस टिकट बिक्री से करीब 3 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया है। फिल्म के अब तक हजारों टिकट बिक चुके हैं और बड़ी संख्या में शोज भी बुक किए जा चुके हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, बिना ब्लॉक सीट्स के फिल्म ने एडवांस बुकिंग से करीब 1.12 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है, जबकि ब्लॉक सीट्स को शामिल करने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 3.3 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। फिल्म के करीब 43 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं और हजारों शोज के लिए बुकिंग हो चुकी है।
बड़े शहरों में दिखा ‘धमाल 4’ का क्रेज
अजय देवगन की इस कॉमेडी फ्रेंचाइजी को लेकर दर्शकों में पहले से ही खासा क्रेज है। एडवांस बुकिंग में दिल्ली-NCR से फिल्म ने करीब 60 लाख रुपये, जबकि मुंबई से लगभग 40 लाख रुपये का कारोबार किया है। इसके अलावा पुणे, बेंगलुरु, हैदराबाद और अहमदाबाद जैसे शहरों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
फिल्म की रिलीज से पहले जिस तरह का माहौल बन रहा है, उसे देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि ‘धमाल 4’ बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत कर सकती है। जुलाई की शुरुआत में रिलीज हुई कुछ फिल्मों के कमजोर प्रदर्शन के बाद अब ट्रेड को भी इस कॉमेडी फिल्म से काफी उम्मीदें हैं।
स्टारकास्ट से बढ़ी उम्मीदें
‘धमाल 4’ में अजय देवगन के साथ एक शानदार स्टारकास्ट नजर आने वाली है। फिल्म में रितेश देशमुख, अरशद वारसी, रवि किशन और जावेद जाफरी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म की कॉमिक टाइमिंग और कलाकारों की केमिस्ट्री को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं।
‘धमाल’ फ्रेंचाइजी का अपना अलग फैन बेस है। साल 2007 में रिलीज हुई पहली फिल्म ‘धमाल’ ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया था। इसके बाद 2011 में ‘डबल धमाल’ रिलीज हुई, जिसे भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला। वहीं, 2019 में आई ‘टोटल धमाल’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था।