Delhi NCR Waterlogging : नोएडा से गुरुग्राम तक जलभराव, जाम और बिजली संकट से लोग परेशान

Knews Desk- दिल्ली-एनसीआर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। लगातार दूसरे दिन हुई मूसलाधार बारिश ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। भारी बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं, वाहन रेंगते नजर आए और कई जगहों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। वहीं फरीदाबाद के कई इलाकों में बिजली और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। सेक्टर-18, सेक्टर-62, खोड़ा कॉलोनी, बिसरख रोड और सर्फाबाद समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। ग्रेटर नोएडा के तिलपता, सूरजपुर, हल्द्वानी मोड़, किसान चौक, कासना रोड और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कई सोसायटियों के आसपास पानी भर गया। लोगों को घरों से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

ट्रैफिक जाम और खराब सड़कों ने बढ़ाई परेशानी

बारिश के बाद नोएडा-ग्रेटर नोएडा की सड़कों पर यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। डीएससी रोड, सूरजपुर-कासना मार्ग, किसान चौक, सेक्टर-18 और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के कई रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई लोग समय पर अपने कार्यालय नहीं पहुंच सके, जबकि स्कूली बच्चों को भी जाम में फंसना पड़ा।

लगातार बारिश के कारण कई जगह सड़कों पर गड्ढे खुल गए और पानी में छिपे गड्ढों से दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। कई स्थानों पर वाहन फिसलने की घटनाएं भी सामने आईं। स्थानीय लोगों ने जल निकासी व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि हर साल मानसून के दौरान ऐसी स्थिति पैदा हो जाती है।

गुरुग्राम में जलभराव, बारिश का अलर्ट जारी

गुरुग्राम में भी तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिली। सड़कों पर पानी भरने से वाहन धीमी गति से चलते नजर आए। हालांकि सुबह बड़े ट्रैफिक जाम की स्थिति कम रही, लेकिन जलभराव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।

मौसम विभाग ने गुरुग्राम समेत दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।

फरीदाबाद में बिजली और पानी की समस्या

फरीदाबाद में लगातार बारिश का असर बिजली और पेयजल व्यवस्था पर भी पड़ा। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिसके बाद बिजली निगम के कंट्रोल रूम में शिकायतों की संख्या बढ़ गई। अधिकारियों के अनुसार, कई जगह तकनीकी खराबी के कारण बिजली सप्लाई प्रभावित हुई।

एनआईटी क्षेत्र, संजय कॉलोनी, पर्वतीय कॉलोनी, जीवन नगर, जवाहर कॉलोनी और सेक्टर-52 समेत कई इलाकों से बिजली और गंदे पानी की शिकायतें सामने आईं। इसके अलावा सेक्टर-15ए, अजरौंदा, बाटा चौक, सेक्टर-11, सीकरी, डबुआ रोड, एयरफोर्स रोड और बड़खल गांव सहित कई जगह जलभराव की स्थिति रही।

गाजियाबाद में सड़कें बनीं तालाब

गाजियाबाद में भी भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया। मोदीनगर, लोनी, साहिबाबाद और साहिबाबाद स्टेशन रोड समेत कई प्रमुख इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं। लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 13 जुलाई तक रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रह सकता है। कुछ इलाकों में तेज बारिश की संभावना भी जताई गई है। बारिश से तापमान और उमस से राहत जरूर मिली है, लेकिन जलभराव, ट्रैफिक और बिजली जैसी समस्याएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।

लगातार बारिश के बाद एक बार फिर शहरों की जल निकासी व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। लोगों का कहना है कि हर साल मानसून में करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद तेज बारिश के बाद सड़कें तालाब में बदल जाती हैं। वहीं खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है और यात्रियों को अपनी उड़ानों की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *