‘अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का…’ कान्स फिल्म फेस्टिवल में ट्रोलिंग पर आलिया के सपोर्ट में उतरे सोनू सूद

KNEWS DESK – आलिया भट्ट इस साल कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपने अलग-अलग लुक्स को लेकर लगातार चर्चा में रहीं। जहां उनके रेड कार्पेट अवतार को काफी सराहना मिली, वहीं एक वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने दावा किया कि उन्हें इंटरनेशनल मीडिया द्वारा नजरअंदाज किया गया। इस विवाद के बीच अब बॉलीवुड सेलेब्स उनके समर्थन में सामने आ गए हैं।

सोनू सूद का सपोर्टिव मैसेज

एक्टर सोनू सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर एक पोस्ट शेयर कर बिना नाम लिए ट्रोलिंग पर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करना ही अपने आप में एक उपलब्धि है और हर उपलब्धि को पहचान या कैमरों की मंजूरी की जरूरत नहीं होती।

उन्होंने अपने संदेश में लोगों से अपील की कि ऐसे मौकों पर आलोचना नहीं, बल्कि प्रोत्साहन देना चाहिए, ताकि कलाकारों का मनोबल बढ़े।

इससे पहले अली गोनी ने भी आलिया भट्ट का बचाव करते हुए ट्रोलर्स को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि आलिया ने भारत का नाम वैश्विक मंच पर गर्व और सम्मान के साथ रोशन किया है और उनकी उपलब्धियों को नजरअंदाज करना गलत है।

आलिया भट्ट का करारा जवाब

इसी बीच आलिया भट्ट ने भी एक ट्रोलर को जवाब देकर सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरीं। उन्होंने कान्स में अपने आइवरी सिल्क साड़ी-गाउन की एक वीडियो शेयर की थी, जिस पर एक यूजर ने लिखा कि उन्हें किसी ने नोटिस नहीं किया।

इस पर आलिया ने जवाब देते हुए लिखा, “क्यों अफसोस की बात है? आपने मुझे नोटिस किया।” उनका यह जवाब तेजी से वायरल हो गया और फैंस ने उनकी तारीफ की।

कान्स फिल्म फेस्टिवल में आलिया भट्ट के लुक्स और उनके डेब्यू को लेकर जहां एक तरफ तारीफ हो रही है, वहीं दूसरी तरफ ट्रोलिंग भी जारी है। हालांकि अब सेलेब्स के सपोर्ट और आलिया के आत्मविश्वास भरे जवाब ने इस पूरे विवाद को एक नया मोड़ दे दिया है।