Knews Desk – ‘गजनी’, ‘रेडी’, ‘हाउसफुल 2’ और ‘बोल बच्चन’ जैसी फिल्मों में अपनी अदाकारी से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाली एक्ट्रेस असिन थोट्टुमकल लंबे समय से फिल्मों से दूर हैं. शादी के बाद असिन ने फिल्मी दुनिया से दूरी बनाकर अपना पूरा ध्यान परिवार पर लगाया. एक्ट्रेस अपनी निजी जिंदगी को भी लाइमलाइट से दूर रखना पसंद करती हैं. ऐसे में जब भी वह परिवार से जुड़ी कोई तस्वीर शेयर करती हैं, फैंस के बीच उसे लेकर खास उत्साह देखने को मिलता है.
अब ओणम के खास मौके पर असिन ने अपनी बेटी अरिन की कुछ अनदेखी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं. इन तस्वीरों में नन्ही अरिन पारंपरिक साउथ इंडियन कपड़ों में बेहद प्यारी नजर आ रही हैं. पीले और ऑरेंज रंग के खूबसूरत आउटफिट में अरिन का लुक काफी आकर्षक लग रहा है. उनके कपड़ों पर गोल्डन वर्क भी नजर आ रहा है.
एक तस्वीर में अरिन गेंदे और गुलाब के रंग-बिरंगे फूलों के बीच बैठी नजर आ रही हैं. वहीं दूसरी तस्वीर में वह फर्श पर बैठकर पारंपरिक फूलों की रंगोली यानी पूकलम सजाती दिखाई दे रही हैं. अरिन की इन तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर फैंस का ध्यान खींच लिया है.
शादी के बाद फिल्मों से बनाई दूरी
असिन ने साल 2016 में माइक्रोमैक्स के को-फाउंडर राहुल शर्मा से शादी की थी. शादी के बाद उन्होंने अपने एक्टिंग करियर से ब्रेक ले लिया. इसके अगले साल यानी 2017 में असिन और राहुल शर्मा के घर बेटी अरिन का जन्म हुआ.

इसके बाद से असिन ज्यादातर अपना समय परिवार के साथ बिताती हैं. वह सोशल मीडिया पर भी काफी कम एक्टिव रहती हैं और अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी तस्वीरें बहुत कम शेयर करती हैं. यही वजह है कि बेटी अरिन की नई तस्वीरें सामने आते ही फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई.
असिन को आखिरी बार साल 2015 में रिलीज हुई फिल्म ‘ऑल इज वेल’ में देखा गया था. इस फिल्म में उनके साथ अभिषेक बच्चन और ऋषि कपूर नजर आए थे. इससे पहले असिन ने बॉलीवुड और साउथ सिनेमा में कई सफल फिल्मों में काम किया.

‘गजनी’ से हिंदी दर्शकों के बीच बड़ी पहचान बनाने वाली असिन ने ‘रेडी’, ‘हाउसफुल 2’ और ‘बोल बच्चन’ जैसी फिल्मों में भी काम किया. हालांकि, करियर के शिखर पर पहुंचने के बाद उन्होंने शादी की और एक्टिंग से दूरी बना ली. अब फैंस को उनकी फिल्मों में वापसी का इंतजार है.