अक्षय कुमार की ‘हैवान’ का बॉक्स ऑफिस पर बुरा हाल, ओपनिंग डे पर कमाए 5 करोड़ से भी कम

KNEWS DESK – अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म ‘हैवान’ का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे. प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं. साल 2026 में अक्षय और प्रियदर्शन की जोड़ी ‘भूत बंगला’ के जरिए पहले ही दर्शकों का मनोरंजन कर चुकी थी. ऐसे में ‘हैवान’ से भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी. हालांकि, फिल्म रिलीज के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी.

ओपनिंग डे पर 3 करोड़ रुपये की कमाई

सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘हैवान’ ने पहले दिन भारत में नेट कलेक्शन के तौर पर करीब 3 करोड़ रुपये कमाए. वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन लगभग 3.60 करोड़ रुपये रहा. बड़े सितारों, दिग्गज निर्देशक और भारी-भरकम बजट के बावजूद फिल्म की यह कमाई काफी निराशाजनक मानी जा रही है.

फिल्म को विदेशों में भी कोई खास सपोर्ट नहीं मिला. ओवरसीज कलेक्शन करीब 1 करोड़ रुपये रहा. इस तरह ‘हैवान’ ने पहले दिन दुनियाभर में लगभग 4.60 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया.

रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का बजट 100 से 130 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है. ऐसे में अगर फिल्म पहले वीकेंड में दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रहती है, तो उसके लिए लागत निकालना भी बड़ी चुनौती बन सकता है.

‘हैवान’ को बॉक्स ऑफिस पर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ से सीधी टक्कर मिल रही है. मिर्जापुर फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता का फायदा फिल्म को मिल रहा है और वह अच्छी कमाई कर रही है. हालांकि, फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं मिली-जुली हैं.

इसके अलावा ‘हनुमान अंश’ की सफलता का असर भी ‘हैवान’ के कारोबार पर पड़ता दिख रहा है. ऐसे में अक्षय कुमार की फिल्म के सामने अपनी पकड़ बनाए रखने की चुनौती है.

18 साल बाद साथ नजर आए अक्षय और सैफ

‘हैवान’ के जरिए अक्षय कुमार और सैफ अली खान करीब 18 साल बाद बड़े पर्दे पर साथ नजर आए हैं. इससे पहले दोनों कलाकार 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘टशन’ में दिखाई दिए थे. हालांकि, उस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर सफलता नहीं मिली थी.

इस बार ‘हैवान’ में अक्षय कुमार ने विलेन का किरदार निभाया है, जबकि सैफ अली खान मुख्य भूमिका में हैं. फिल्म में श्रिया पिलगांवकर, बोमन ईरानी, सैयामी खेर और राजपाल यादव भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं.

प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में असरानी भी दिखाई दिए हैं. यह उनके करियर की आखिरी फिल्म साबित हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *