नोएडा की सुपरनोवा सोसाइटी के 43वें फ्लोर से कूदा युवक, दो हिस्सों में बंटा शव

KNEWS DESK- नोएडा के सेक्टर-94 स्थित चर्चित सुपरनोवा सोसाइटी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना सेक्टर-126 क्षेत्र के एस्पायर टावर की 43वीं मंजिल से कूदकर एक युवक ने अपनी जान दे दी। अत्यधिक ऊंचाई से गिरने के कारण युवक का शव दो हिस्सों में विभाजित हो गया। घटना के बाद सोसाइटी परिसर में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक ने एस्पायर टावर के 43वें फ्लोर से छलांग लगा दी। गिरने की वजह से शव का ऊपरी हिस्सा टावर के ग्राउंड फ्लोर पर, जबकि निचला हिस्सा तीसरी मंजिल के एरिया में जा गिरा। तेज आवाज सुनकर सुरक्षाकर्मी और सोसाइटी के निवासी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-126 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर दिया। पुलिस ने शव के दोनों हिस्सों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस युवक की पहचान करने में जुटी हुई है। साथ ही यह पता लगाने के लिए सोसाइटी के CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है कि युवक 43वें फ्लोर तक कैसे पहुंचा और क्या वह सोसाइटी का निवासी था या बाहर से आया था। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *