अगले 30 साल तक आपको कुछ नहीं मिलेगा….. वोट चोरी के आरोपों पर अमित शाह का राहुल गांधी पर हमला

दिल्ली के द्वारका में यमुना पुनरुद्धार की 8,941 करोड़ रुपये की 43 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने मई 2029 तक यमुना को निर्मल बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों और अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा।

Knews Desk- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दिल्ली के द्वारका में यमुना पुनरुद्धार से जुड़ी 8,941 करोड़ रुपये की 43 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें गंदे पानी के शोधन, सीवेज प्रबंधन और पेयजल से संबंधित कार्य शामिल हैं। शाह ने कहा कि मई 2029 से पहले यमुना को निर्मल बनाकर जनता के सामने आएंगे। उन्होंने दावा किया कि यमुना की सफाई की दिशा में 40 प्रतिशत से अधिक काम आगे बढ़ चुका है।

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा से भी गंदा पानी यमुना में आता था। अब तीनों राज्यों में भाजपा की सरकार होने के कारण यमुना की सफाई के लिए समयबद्ध रोडमैप बनाया गया है। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की पिछली सरकारों पर नदी की सफाई के लिए पर्याप्त काम नहीं करने का आरोप लगाया।

शाह ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास हर बात का जवाब है, लेकिन पंजाब में भाजपा के सत्ता में आने के बाद वह जवाब देंगे। उन्होंने कूड़े के पहाड़ों और यमुना के शुद्धिकरण को लेकर भी पिछली सरकार पर सवाल उठाए।

राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर गृह मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी और उनके साथियों को देश समझ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष घुसपैठियों के वोट बचाने के लिए वोट चोरी का मुद्दा उठा रहा है। शाह ने गुजरात, दिल्ली, असम, बंगाल, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की चुनावी स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि अगले 30 साल तक कांग्रेस को कुछ नहीं मिलने वाला है।

अमित शाह ने कहा कि अगर चुनाव आयोग और मतदाता सूची में गड़बड़ी है, तो कांग्रेस को तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में मिली जीत पर भी सवाल उठाना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी को धरना-प्रदर्शन के बजाय उन क्षेत्रों में विकास योजनाएं लाने की सलाह दी, जहां से वे चुनाव जीतकर आते हैं।

शाह ने पंजाब में भी भाजपा और एनडीए की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे के कारोबार को बंद करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *