संसद में जारी गतिरोध के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने राम मंदिर चंदे से जुड़े विवाद और FCRA संशोधन विधेयक पर संसद में चर्चा कराने की मांग की।
Knews Desk- संसद के मानसून सत्र में विपक्ष और सरकार के बीच गतिरोध लगातार बना हुआ है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर कई गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अयोध्या स्थित राम मंदिर के चंदे से जुड़े विवाद को संसद में उठाने और इस पर सरकार से जवाब देने की मांग की।
अखिलेश यादव ने कहा कि संसद के पास चर्चा के लिए अब सिर्फ दो दिन बचे हैं और सरकार को इन दोनों मुद्दों पर चर्चा करानी चाहिए। उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि यह कोई सामान्य मामला नहीं है, क्योंकि इसमें लोगों की आस्था जुड़ी हुई है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि राम मंदिर के चढ़ावे के मामले में बीजेपी से जुड़े लोग भी शामिल रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सरकार को इस मुद्दे पर चर्चा से कोई आपत्ति नहीं है तो संसद में इस पर बहस क्यों नहीं कराई जा रही है। सपा प्रमुख ने कहा कि विपक्ष लगातार इस मामले पर जवाब मांग रहा है और संसद में चर्चा के जरिए पूरे मामले को सामने लाना चाहता है।
FCRA संशोधन विधेयक पर भी सवाल
अखिलेश यादव ने फॉरेन कंट्रीब्यूशन (रेगुलेशन) एक्ट यानी FCRA में प्रस्तावित बदलाव को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार से यह सवाल पूछा जाना चाहिए कि देश से बाहर जाने वाले पैसे और संस्थाओं से जुड़े मामलों पर उसका क्या रुख है।
उन्होंने आरोप लगाया कि FCRA के जरिए सरकार संस्थाओं पर नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश कर सकती है। अखिलेश ने कहा कि विपक्ष इस विधेयक पर भी संसद में विस्तार से चर्चा चाहता है।
छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया
अखिलेश यादव ने छात्र प्रदर्शनों के दौरान पुलिस कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सवाल किया कि प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और कथित तौर पर बिजली के झटकों का इस्तेमाल क्यों किया गया।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि इन छात्रों की आवाज भी संसद में उठाई जानी चाहिए।
विपक्ष की चर्चा की मांग, संसद में गतिरोध जारी
संसद में जारी गतिरोध के बीच विपक्ष की मांग है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और राम मंदिर चंदे से जुड़े विवाद पर सदन में जवाब दें।
कांग्रेस महासचिव और सांसद केसी वेणुगोपाल भी छात्र प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर गृह मंत्री के बयान की मांग पर कायम हैं। सरकार और विपक्ष के बीच सहमति नहीं बनने के कारण संसद की कार्यवाही प्रभावित हो रही है।
विपक्ष का कहना है कि इन मुद्दों पर चर्चा के बिना संसद की कार्यवाही सामान्य रूप से चलाना मुश्किल है। अब देखना होगा कि बचे हुए दो दिनों में सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध खत्म होता है या इन मुद्दों पर टकराव जारी रहता है।