वियतनाम नाव हादसा: 15 भारतीयों के शव आज रात मुंबई पहुंचेंगे, एक घायल की हालत अब भी गंभीर

Knews Desk- वियतनाम के फु क्वोक (Phu Quoc) द्वीप के पास हुए दर्दनाक स्पीडबोट हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय पर्यटकों के शव सोमवार रात भारत लाए जाएंगे। वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने जानकारी दी कि शव वियतनाम एयरलाइंस की फ्लाइट VN979 से हो ची मिन्ह सिटी से मुंबई पहुंचेंगे। फ्लाइट स्थानीय समयानुसार शाम 6 बजे रवाना होगी और भारतीय समय के अनुसार रात 9:35 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगी।

यह हादसा 11 जुलाई को उस समय हुआ, जब 32 भारतीय पर्यटकों और चार स्थानीय क्रू सदस्यों को लेकर जा रही स्पीडबोट फु क्वोक द्वीप के पास तट से लगभग 400 मीटर दूर पलट गई। हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 17 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।

मृतकों में तमिलनाडु के 10, आंध्र प्रदेश के तीन और केरल के दो पर्यटक शामिल हैं। भारतीय दूतावास ने संबंधित राज्य सरकारों को घटना की जानकारी दे दी है और प्रभावित परिवारों के साथ समन्वय कर शवों को उनके गृह राज्यों तक पहुंचाने की व्यवस्था करने का अनुरोध किया है। दूतावास ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहायता का भरोसा भी दिया है। बचाए गए 17 लोगों में से 16 को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और वे भारत लौट रहे हैं। हालांकि एक घायल की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। उसका इलाज फु क्वोक के एक अस्पताल में चल रहा है और डॉक्टर उसकी निगरानी कर रहे हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पर्यटक द्वीप भ्रमण के बाद लौट रहे थे, तभी स्पीडबोट अचानक पलट गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद अन्य नौकाओं और वियतनाम की बचाव एजेंसियों ने संयुक्त रूप से सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकी। घटना के बाद वियतनाम पुलिस ने स्पीडबोट के कैप्टन को हिरासत में ले लिया है। हादसे के कारणों की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना तकनीकी खराबी, मौसम या मानवीय लापरवाही के कारण हुई। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।