प्रतीक यादव के निधन से स्तब्ध उत्तर प्रदेश…. डॉक्‍टरों ने किया बड़ा खुलासा, जानें क्या थी मौत की असली वजह

डिजिटल डेस्क- समाजवादी पार्टी के कुनबे और उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए बुधवार का दिन बेहद दुखद रहा। सपा संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव (38) का अचानक निधन हो गया। स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति सजग रहने वाले प्रतीक की इस तरह अचानक मौत ने हर किसी को हैरान कर दिया है। जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के प्रतीक यादव अपने आवास के किचन में अचेत अवस्था में पाए गए। उन्हें सुबह करीब 6:00 बजे आनन-फानन में लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहाँ डॉक्टरों की एक विशेष टीम ने तुरंत उनकी जांच की, लेकिन दुर्भाग्यवश उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, जब प्रतीक को अस्पताल लाया गया, तब तक उनका ‘ब्रेन डेड’ हो चुका था।

डॉक्टर का खुलासा: ‘पल्मोनरी एम्बोलिज्म’ से जूझ रहे थे प्रतीक

प्रतीक यादव का लंबे समय से इलाज कर रहीं मेदांता अस्पताल (लखनऊ) की एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. रुचिता शर्मा ने उनकी मेडिकल हिस्ट्री को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की हैं। डॉ. शर्मा के अनुसार, प्रतीक को हाई ब्लड प्रेशर और हाइपरटेंशन की पुरानी समस्या थी। हाल ही में उन्हें ‘पल्मोनरी एम्बोलिज्म’ (Pulmonary Embolism) की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यह एक ऐसी गंभीर स्थिति है जिसमें खून का थक्का (Blood Clot) शरीर के किसी हिस्से से चलकर फेफड़ों की धमनियों में फंस जाता है। इसी रुकावट के कारण उनके दिल की कार्यक्षमता पर भी बुरा असर पड़ा था। हालांकि, इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी, लेकिन वह लगातार खून पतला करने वाली दवाओं का सेवन कर रहे थे।

सांस लेने में तकलीफ और मेडिकल हिस्ट्री

डॉक्टरों ने बताया कि कुछ दिन पहले जब वह एयरपोर्ट पर बेहोश हुए थे, तभी उनके फेफड़ों में इस रुकावट का पता चला था। प्रतीक अपनी सेहत को लेकर काफी जागरूक थे और नियमित रूप से दवाएं ले रहे थे, लेकिन पल्मोनरी एम्बोलिज्म जैसी स्थिति अचानक जानलेवा साबित हो सकती है।

यादव परिवार में शोक की लहर

प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही विक्रमादित्य मार्ग स्थित उनके आवास पर समर्थकों और राजनेताओं का तांता लग गया। अखिलेश यादव, शिवपाल यादव और डिंपल यादव समेत परिवार के सभी सदस्य इस घड़ी में एकजुट हैं। उनकी पत्नी अपर्णा यादव, जो भाजपा की वरिष्ठ नेता हैं, पति के निधन की खबर सुनकर गहरे सदमे में हैं। प्रतीक यादव को उनके शांत स्वभाव और फिटनेस प्रेम के लिए जाना जाता था। गुरुवार को लखनऊ के पिपराघाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *