यूपी: होमगार्ड भर्ती परीक्षा का परिणाम सितंबर में, 41 हजार से अधिक पदों पर होगी नियुक्ति

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में होमगार्ड विभाग की बड़ी भर्ती प्रक्रिया को लेकर अहम अपडेट सामने आया है। प्रदेश में 41,424 होमगार्ड जवानों की भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम सितंबर महीने में जारी किया जाएगा। इस भर्ती को लेकर हजारों अभ्यर्थियों में लंबे समय से इंतजार बना हुआ था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को होमगार्ड संगठन की समीक्षा बैठक के दौरान चयनित जवानों को आधुनिक प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी होमगार्डों को सीपीआर (CPR) और फर्स्ट एड की अनिवार्य ट्रेनिंग दी जाए, ताकि आपात स्थितियों में वे तुरंत मदद कर सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड और पुलिस के जवान समाज के “फर्स्ट रिस्पांडर” होते हैं, जो किसी भी घटना में सबसे पहले मौके पर पहुंचते हैं। ऐसे में उनका प्रशिक्षित और सक्षम होना बेहद जरूरी है।

जानकारी के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों को पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों में 90 दिनों का आधारभूत प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें आधुनिक तकनीक और आपदा प्रबंधन से जुड़ी आवश्यक ट्रेनिंग भी प्रदान की जाएगी।

बैठक में यह भी बताया गया कि 3,812 होमगार्डों को पहले ही आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित किया जा चुका है। इसके अलावा 1,091 स्वयंसेवकों को अग्नि सुरक्षा और 425 को बाढ़ बचाव कार्यों के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।

होमगार्ड विभाग की 104.80 करोड़ रुपये की लागत वाली 20 निर्माण परियोजनाएं वर्तमान में प्रगति पर हैं। साथ ही विभाग द्वारा सेवाकाल में मृत्यु की स्थिति में नामित आश्रितों को 5 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता दी जा रही है।

दिसंबर 2020 से अब तक 3,153 मामलों में 157.65 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि वितरित की जा चुकी है। वहीं अप्रैल 2022 से अब तक 125 दिवंगत होमगार्ड स्वयंसेवकों के आश्रितों को विभिन्न बैंकिंग और बीमा योजनाओं के तहत 30 लाख से 45 लाख रुपये तक की सहायता दी गई है।

सरकार ने केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान को राज्य स्तरीय अत्याधुनिक प्रशिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने की योजना भी बनाई है। इसका उद्देश्य होमगार्ड बल को अधिक सक्षम, तकनीकी रूप से दक्ष और आपदा प्रबंधन में मजबूत बनाना है।

इस भर्ती प्रक्रिया के साथ प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था और आपदा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *