KNEWS DESK- संभल में बकरीद के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। डीएम और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने नखासा और कोतवाली क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर हालात का जायजा लिया और लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
अधिकारियों ने बाजारों, संवेदनशील इलाकों और मुख्य मार्गों का निरीक्षण किया और आम जनता से आपसी भाईचारे और शांति बनाए रखने की अपील की। इस दौरान पुलिस कर्मियों को लगातार गश्त करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सख्त चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की है ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। बताया गया कि बृहस्पतिवार को बकरीद का पर्व मनाया जाएगा और गुन्नौर तथा आसपास के क्षेत्रों में स्थित लगभग 30 मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी।
गुन्नौर कोतवाली प्रभारी संजय कुमार के अनुसार, बकरीद के मद्देनजर 70 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्ट को निर्धारित स्थानों पर ही डालने के निर्देश जारी किए गए हैं।
पशुपालकों को भी नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई है कि त्योहार के दौरान पशुओं को खुले में न छोड़ा जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। नगर में जामा मस्जिद, सुन्नी नूरानी मदीना मस्जिद, लाल मस्जिद सहित कई प्रमुख मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी।
स्थानीय मौलानाओं ने लोगों से अपील की है कि कुर्बानी सार्वजनिक स्थानों पर न करें और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी से बचें। प्रशासन का कहना है कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी जारी रहेगी।