UP: नई कार्यकारिणी पर चर्चा तेज, पंकज चौधरी ने CM योगी से की मुलाकात

KNEWS DESK- लखनऊ में भाजपा के प्रदेश संगठन में बड़े बदलाव के संकेत तेज हो गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह एक सप्ताह तक दिल्ली में रहने के बाद लखनऊ लौट आए हैं। लौटने के बाद दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर संगठन से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की।

हालांकि इस मुलाकात को आधिकारिक तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रमों से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इसके पीछे संगठन में नई टीम के गठन की तैयारी भी प्रमुख कारण है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री के साथ बैठक में प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी के संभावित नामों और सूची पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।

बताया जा रहा है कि दिल्ली में पंकज चौधरी और धर्मपाल सिंह ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से कई दौर की बैठकें कीं। इन बैठकों में राष्ट्रीय अध्यक्ष, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय महामंत्री बी.एल. संतोष और विनोद तावड़े सहित कई वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठनात्मक ढांचे को लेकर चर्चा हुई। सूत्रों का यह भी कहना है कि प्रस्तावित सूची में शामिल कुछ नामों पर पहले आपत्ति जताई गई थी, जिसके बाद उसमें संशोधन किया गया है और अब अधिकांश स्तरों पर सहमति बन चुकी है।

लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हुई बैठक में इस सूची को अंतिम रूप देने और सहमति बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर चलाए जाने वाले जनसंपर्क अभियानों पर भी चर्चा हुई।

पार्टी ने इस अभियान के तहत बूथ स्तर तक कार्यक्रमों की योजना बनाई है, जिसका उद्देश्य संगठन को और मजबूत करना और जनता से सीधा जुड़ाव बढ़ाना है। माना जा रहा है कि नई कार्यकारिणी की घोषणा जल्द ही की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *