कानपुर के रेव मोती मॉल में युवक ने लगाई छलांग, महिला मित्र से विवाद के बाद मौत

महिला मित्र से विवाद के बाद कानपुर के रेव मोती मॉल की दूसरी मंजिल से युवक ने छलांग लगा दी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस महिला का पता लगाने के साथ मामले की जांच कर रही है।

Knews Desk – चमनगंज नालारोड निवासी सिकंदर (35) बुधवार रात अपने साथियों आसिफ, राजा और शीबू के साथ सर्वोदयनगर स्थित रेव मोती मॉल पहुंचा था। कुछ देर बाद सिकंदर ने फोन कर अपनी महिला मित्र को भी मॉल बुला लिया। साथियों के मुताबिक, सभी लोग मॉल की दूसरी मंजिल पर स्थित फूड कोर्ट में मौजूद थे। सिकंदर और महिला मित्र थोड़ा अलग बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

बताया गया कि विवाद के दौरान अचानक सिकंदर उठा और खिड़की से दूसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। घटना के बाद मॉल में अफरा-तफरी मच गई। सिकंदर के साथ मौजूद तीनों साथियों ने पहले उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी और फिर उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने सिकंदर को मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद सिकंदर से मिलने आई महिला भी वहां से चली गई। पुलिस के अनुसार अभी महिला का कुछ पता नहीं चला है और उसकी तलाश की जा रही है।

सिकंदर के पिता रियाज ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा करीब एक साल पहले दुबई से लौटा था। उन्होंने पुलिस को बताया कि सिकंदर का किस महिला से विवाद हुआ था, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।

वहीं, मॉल कर्मचारियों के मुताबिक घटना के बाद महिला से पूछताछ की गई थी। महिला ने बताया कि वह करीब सात-आठ साल से सिकंदर के संपर्क में थी और बीते एक साल से दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई थी। महिला के अनुसार सिकंदर उस पर शादी का दबाव डाल रहा था। दोनों के आपस में रिश्तेदार होने की बात भी सामने आई है।

काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। महिला का पता लगाया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *