UP Ration Card: देशभर में कहीं भी मिलेगा राशन, प्रवासी श्रमिकों को बड़ी राहत

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के करोड़ों राशन कार्डधारकों और प्रवासी श्रमिकों के लिए ‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ योजना राहत देने वाली साबित हो रही है। इस योजना के तहत यूपी के लाभार्थी अपने गृह जिले तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देश के किसी भी राज्य या केंद्रशासित प्रदेश में उचित दर की दुकान से अपने हिस्से का खाद्यान्न प्राप्त कर सकते हैं।

दूसरे राज्य में भी ले सकेंगे राशन

रोजगार या अन्य कारणों से दूसरे राज्यों में रहने वाले यूपी के नागरिकों को राशन लेने के लिए अपने गृह जिले लौटने की जरूरत नहीं होगी। उदाहरण के तौर पर उत्तर प्रदेश का कोई व्यक्ति दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात या किसी अन्य राज्य में रह रहा है तो वह वहां की उचित दर दुकान से निर्धारित खाद्यान्न प्राप्त कर सकता है।

प्रवासी श्रमिकों को विशेष लाभ

वन नेशन, वन राशन कार्ड योजना का सबसे बड़ा फायदा उन प्रवासी श्रमिकों को मिलता है, जो काम के सिलसिले में दूसरे राज्यों में रहते हैं। परिवार के सदस्य भी अपनी सुविधा के अनुसार देश में किसी भी स्थान पर उचित दर दुकान से अपने हिस्से का राशन ले सकते हैं। इससे रोजगार के लिए पलायन करने वाले परिवारों की खाद्य सुरक्षा बनी रहती है।

राशन कार्ड की पोर्टेबिलिटी सुविधा

इस योजना के तहत लाभार्थी अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी उचित दर दुकान से राशन ले सकते हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लाभार्थी देश में कहीं भी रहें, उन्हें उनके अधिकार का खाद्यान्न मिल सके। योजना से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए यूपी खाद्य एवं रसद विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://fcs.up.gov.in पर विजिट किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *