गुरुग्राम हिट एंड रन केस: सामने आया कार मालिक, बोला- दोस्त मांगकर ले गया था गाड़ी, अब नहीं उठा रहा फोन

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक सवार को टक्कर मारकर फरार हुई कार का मालिक सामने आ गया है. मनीष ने बताया कि हादसे में शामिल कार उसकी है, जिसे उसका दोस्त दो दिन पहले मांगकर ले गया था. हादसे के बाद से वह दोस्त से संपर्क करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन उसका फोन बंद है या वह कॉल नहीं उठा रहा.

Knews Desk- गुरुग्राम के चर्चित हिट एंड रन मामले में कार मालिक मनीष का बयान सामने आया है. न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में मनीष ने कार की पहचान करते हुए बताया कि वह सेना में कार्यरत है. उसके मुताबिक, हादसे से दो दिन पहले उसका एक दोस्त कार लेकर गया था. घटना की जानकारी मिलने के बाद से वह लगातार दोस्त से संपर्क करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन बात नहीं हो पा रही है.

मनीष ने बताया कि उसने अपने पिता को दोस्त के घर भी भेजा था, लेकिन वहां भी उसका कोई पता नहीं चला. उसका दोस्त हरियाणा के पलवल का रहने वाला बताया जा रहा है.

महिला बाइक सवार को टक्कर मारकर भागी कार

यह मामला रविवार को गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर सामने आया था. महिला बाइक सवार सिया का आरोप है कि एक कार में सवार लोगों ने पहले उसका पीछा किया और बाद में उसकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में सिया सड़क पर गिर गईं और उन्हें गंभीर चोटें आईं.

बाइक कैमरे में कैद हुई पूरी घटना

हादसे का वीडियो सिया की बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गया था. घटना के बाद उन्होंने वीडियो और कार से जुड़ी जानकारी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की. देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

सिया ने पुलिस को बताया कि वह अपने कुछ साथी बाइकर्स के साथ राइड पर थीं. इसी दौरान एक कार उनका पीछा करने लगी. वायरल वीडियो में भी कार को बाइकर्स के पीछे आते और फिर सिया की बाइक को टक्कर मारते देखा जा सकता है.

टक्कर के बाद बाइक समेत घिसटती रहीं सिया

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि टक्कर लगने के बाद सिया बाइक से गिर गईं और कुछ दूरी तक बाइक समेत सड़क पर घिसटती चली गईं. हादसे के बाद कार चालक मौके से तेज रफ्तार में फरार हो गया.

सिया के एक साथी ने कार का पीछा कर उसे ट्रैफिक सिग्नल पर रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक वहां से भी भाग निकला. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी. अब कार मालिक के सामने आने के बाद पुलिस की जांच में नया मोड़ आ गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *