KNEWS DESK- दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में बुधवार को हुई हिंसक घटना के दौरान 174 यात्रियों की जान बचाने में चार लोगों की अहम भूमिका रही। विमान में मौजूद यात्रियों ने सुरक्षित उतरने के बाद इन सभी की बहादुरी की तारीफ की। इनमें भारतीय पायलट स्मित मच्छार और तीन इजराइली यात्री शामिल हैं।
पहले हीरो भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार हैं। फ्लाइट के दौरान को-पायलट ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। घायल होने के बावजूद उन्होंने विमान पर नियंत्रण बनाए रखा। उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने के लिए अपनी बची हुई ताकत का इस्तेमाल किया, जिसके बाद यात्रियों को अंदर पहुंचकर स्थिति संभालने का मौका मिला। उनकी बहादुरी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और डोनाल्ड ट्रंप ने भी सराहना की है।
दूसरे हीरो इजराइली यात्री यानीव हायुन हैं। वह कॉकपिट में पहुंचे और पायलट पर हमला कर रहे को-पायलट को काबू में किया। उन्होंने हमलावर को वहां से बाहर निकाला। इसी दौरान विमान तेजी से नीचे जा रहा था और शुरुआती स्थिति में करीब 17 हजार फीट नीचे चला गया था।
तीसरे हीरो इजराइली डेंटिस्ट डॉ. शोता मुसायेव हैं, जिन्होंने घायल पायलट स्मित मच्छार को इमरजेंसी मेडिकल ट्रीटमेंट दिया।चौथे हीरो इजराइली यात्री रिजवान बताए गए हैं। घटना के दौरान उन्होंने भी विमान में स्थिति संभालने और यात्रियों की सुरक्षा में मदद की।
इन चारों की कोशिशों के बाद विमान को नियंत्रित किया गया और सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। घटना के बाद फ्लाइट से सुरक्षित पहुंचे यात्रियों ने इन सभी की भूमिका को याद करते हुए उनकी बहादुरी की सराहना की।