छत्तीसगढ़: शव लेकर जा रही संजीवनी एंबुलेंस ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी, नर्स की मौत

KNWS DESK- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में संबलपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। रायपुर से शव लेकर जा रही संजीवनी एंबुलेंस ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। हादसे में एंबुलेंस में सवार महिला नर्स शबनम खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को धमतरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, जगदलपुर के महारानी अस्पताल से एक मरीज को संजीवनी एंबुलेंस के जरिए रायपुर के एसएमसी अस्पताल लाया गया था। यहां डॉक्टरों ने मरीज को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को एंबुलेंस से वापस ले जाया जा रहा था। इसी दौरान धमतरी के संबलपुर नेशनल हाईवे पर एंबुलेंस ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी।

हादसा इतना जोरदार था कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद नर्स शबनम खान वाहन में फंस गईं। उन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाहर निकाले जाने तक उनकी मौत हो चुकी थी।

हादसे की सूचना मिलते ही 108 वरदान परमार्थ एंबुलेंस सेवा समिति के खिलावान साहू मौके पर पहुंचे। नर्स के शव को धमतरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम किया जाएगा।

हादसे में घायल हुए तीन लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *