Knews Desk – ऑस्कर और ग्रैमी पुरस्कार विजेता म्यूजिक मैस्ट्रो एआर रहमान के दिल्ली-एनसीआर यानी गुरुग्राम कॉन्सर्ट के 2027 तक पोस्टपोन होने की खबर के बाद फैंस के बीच थोड़ी मायूसी छा गई है। एआर रहमान इन दिनों ‘द वंडरमेंट टूर’ पर हैं, जिसके तहत उनका कॉन्सर्ट 21 नवंबर को बैकयार्ड स्पोर्ट्स क्लब, गुरुग्राम में आयोजित होने वाला था। हालांकि, किसी कारणवश आयोजकों ने इस कॉन्सर्ट को पोस्टपोन कर दिया है। मेकर्स ने इसके पीछे का सीधा और साफ कारण अभी सामने नहीं रखा है।
हालांकि, संगीत प्रेमियों के लिए अच्छी खबर यह है कि एआर रहमान का म्यूजिकल सफर यहीं खत्म नहीं हुआ है। देश-विदेश के कई बड़े शहरों में उनके भव्य कॉन्सर्ट्स और लाइव शोज लगातार जारी हैं। भारत से लेकर विदेशों तक एआर रहमान का जादू कई मंचों पर देखने को मिलने वाला है।
एआर रहमान का भारत में 5 बड़े शहरों का बहुचर्चित टूर चल रहा है, जिसका आधिकारिक नाम ‘एआर रहमान- द वंडरमेंट टूर’ है। इस टूर का आयोजन फेयर गेम एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया जा रहा है। बेंगलुरू में 3 अक्टूबर और मुंबई में 1 नवंबर को वह परफॉर्म कर चुके हैं। आयोजकों ने बुक हुए टिकटों के पैसे वापस करने की बात कही है। साथ ही यह भी कहा गया है कि गुरुग्राम का शो अगले साल यानी 2027 में होगा। हालांकि, गुरुग्राम कॉन्सर्ट की नई तारीख अभी सामने नहीं आई है।
https://www.instagram.com/p/Dd3Ah83snHK/
भले ही गुरुग्राम का शो पोस्टपोन हो गया हो, लेकिन भारत में अभी भी एआर रहमान के दो और शोज शेड्यूल हैं। हैदराबाद में उनका शो 31 जनवरी 2027 को और अहमदाबाद में 27 मार्च 2027 को आयोजित किया जाएगा। ऐसे में हैदराबाद और अहमदाबाद के फैंस के पास एआर रहमान को लाइव परफॉर्म करते देखने और उनके गानों पर झूमने का शानदार मौका है।
भारत के अलावा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी एआर रहमान का जलवा कायम है। विदेश में उनके खास शो का नाम ‘एआर रहमान: द सिम्फोनिक एक्सपीरियंस’ रखा गया है। हाल ही में अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित ‘न्यू जर्सी परफॉर्मिंग आर्ट्स सेंटर’ यानी NJPAC के प्रूडेंशियल हॉल में 3 नवंबर और 4 नवंबर को न्यू जर्सी सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा के साथ उनके दो ग्रैंड शोज सफलतापूर्वक आयोजित किए गए।
इस सिम्फोनिक कॉन्सर्ट में ‘रोजा’, ‘बॉम्बे’, ‘दिल से’, ‘ताल’, ‘लगान’, ‘जोधा अकबर’, ‘पोन्नियिन सेल्वन’ से लेकर ऑस्कर विनिंग ‘जय हो’ यानी ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ तक के गानों को लाइव सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा के साथ पेश किया गया। इस परफॉर्मेंस ने विदेशी धरती पर भारतीय संगीत की छाप छोड़ी।
इसके अलावा एआर रहमान अपने वर्ल्ड टूर के दौरान दुबई के ‘दुबई मीडिया सिटी एम्फीथिएटर’, लंदन के ‘द ओ2 एरिना’ और न्यू यॉर्क के ‘मैडिसन स्क्वायर गार्डन’ में भी परफॉर्म कर चुके हैं।
एआर रहमान के लाइव कॉन्सर्ट्स की खासियत सिर्फ उनके लोकप्रिय गाने नहीं हैं, बल्कि उनका पूरा स्टेज प्रेजेंटेशन भी है। ‘द वंडरमेंट टूर’ और ‘सिम्फोनिक एक्सपीरियंस’ में फैंस को एक साधारण कॉन्सर्ट के बजाय विजुअल और ऑडियो ट्रीट देखने को मिलती है। 50 से अधिक कलाकारों और लाइव ऑर्केस्ट्रा टीम के साथ एआर रहमान अपने तीन दशक के संगीत के सफर को 360-डिग्री प्रोजेक्शन मैपिंग और इंटरनेशनल विजुअल्स के साथ पेश करते हैं।