संविधान दिवस पर समाजवादी पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अपना ‘जन-मन घोषणापत्र’ और ‘27 का संकल्प: PDA का प्रणपत्र’ जारी किया। इसमें सामाजिक न्याय, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान, महिला सुरक्षा और कर्मचारियों से जुड़े कई वादे किए गए हैं।
Knews Desk – उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने संविधान दिवस के मौके पर अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। सपा ने इसे ‘जन-मन घोषणापत्र’ और ‘27 का संकल्प: PDA का प्रणपत्र’ नाम दिया है। घोषणापत्र जारी करते हुए पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सिर्फ घोषणापत्र बनाती नहीं है, बल्कि उसे लागू भी करती है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने जब भी घोषणापत्र बनाया, उसे पूरा करने का काम किया है। अगर परिस्थितियों के मुताबिक कोई नई चीज करने की जरूरत पड़ी, तो सपा ने उसे भी शामिल करके पूरा किया।
अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में सपा सरकार के दौरान लखनऊ में हुए विकास कार्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि कई परियोजनाएं ऐसी थीं, जो पार्टी के घोषणापत्र में शामिल नहीं थीं, लेकिन सरकार ने निवेश और जरूरत के हिसाब से उन्हें पूरा कराया। उन्होंने कहा, ‘समाजवादी पार्टी ने जब कभी भी मेनिफेस्टो बनाया है, उसको तो लागू किया ही है, लेकिन उन परिस्थितियों में उस समय पर अगर कोई नई चीज भी करनी पड़ी होगी, तो समाजवादी पार्टी ने उसको भी शामिल करके उन चीजों को पूरा किया है।’
अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी हर शहर की जरूरत के हिसाब से भी घोषणापत्र तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग शहरों की जरूरतें अलग हैं और उसी के मुताबिक विकास की योजनाएं बनाई जाएंगी। पार्टी उन जरूरतों को ध्यान में रखकर अलग घोषणापत्र लाने की तैयारी करेगी। उन्होंने महिलाओं को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। अखिलेश यादव ने कहा कि आधी आबादी के लिए समाजवादी पार्टी अलग से एक नया घोषणापत्र लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए अलग घोषणापत्र तैयार कर उसे भी जनता के सामने रखा जाएगा।
बीजेपी पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अब अच्छे दिन तो आए नहीं, लेकिन बुरे दिन जाने वाले हैं। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी को भी पता है कि उसके दिन जा रहे हैं, इसलिए उसकी भाषा बदल गई है। संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अखिलेश यादव ने संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को नमन किया। उन्होंने कहा कि संविधान और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा, सुरक्षा और संरक्षण के लिए समाजवादी पार्टी हमेशा कटिबद्ध और वचनबद्ध रहेगी।
संविधान को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ प्रभुत्ववादी, वर्चस्ववादी और स्वार्थी लोग अपनी परंपरागत सत्ता को बनाए रखने के लिए समीक्षा और पुनर्विचार के नाम पर संविधान को बदलने और धीरे-धीरे मिटाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान प्रेमी लोगों को एकजुट होकर संविधान बदलने की किसी भी साजिश को कामयाब नहीं होने देना चाहिए। अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान शोषित, वंचित और गरीब लोगों के लिए ढाल की तरह है। उनके मुताबिक, संविधान के रहते किसी भी पीड़ित, दुखी और अपमानित व्यक्ति को अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें देश को संविधान से नहीं, बल्कि अपने मन मुताबिक चलाना चाहती हैं। अखिलेश यादव ने कहा, ‘हमारा देश संविधान से चलेगा, मन विधान से नहीं चलेगा।’
अखिलेश यादव ने संविधान को अधिकारों और सुरक्षा का सबसे बड़ा आधार बताया। उन्होंने कहा कि संविधान ही संजीवनी है, संविधान ही कवच है और संविधान ही ढाल है। संविधान ही देश की 95 फीसदी पीड़ित, वंचित और पिछड़ी जनता के अधिकारों का सच्चा संरक्षक है। उन्होंने कहा कि संविधान के जरिए सामाजिक न्याय, आरक्षण, अवसर की बराबरी और भेदभाव खत्म करने की लड़ाई आगे बढ़ाई जा सकती है। अखिलेश ने कहा कि संविधान आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का विधान है और लोकतंत्र की प्राणवायु है। उन्होंने कहा, ‘संविधान है तो सुरक्षा है, संविधान है तो शक्ति है, संविधान है तो हमारा अधिकार है, संविधान है तो हमारा आदर-सत्कार है, संविधान है तो हमारा संरक्षण है, संविधान है तो हमारा मान है, संविधान है तो हमारा सम्मान है। यही हमारा संदेश है कि संविधान है तो देश है।’
समाजवादी पार्टी ने अपने ‘जन-मन घोषणापत्र 2027’ यानी PDA प्रणपत्र में प्रदेश को समावेशी, लोकतांत्रिक, समाजवादी और धर्मनिरपेक्ष राज्य बनाने का संकल्प रखा है। घोषणापत्र में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, बिना भेदभाव बराबरी, अधिकारों की सुरक्षा, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, किसान, मजदूर और कर्मचारियों के मुद्दों को शामिल किया गया है। पार्टी ने हर पीड़ित, दुखी, अपमानित, शोषित, वंचित और गरीब व्यक्ति की गरिमा, प्रतिष्ठा और आत्मसम्मान की पुनर्स्थापना का वादा किया है। घोषणापत्र में जरूरतमंद, बीमार, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाओं और जच्चा-बच्चा के लिए गुणवत्तापूर्ण मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं और प्रभावी एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
किसानों को लेकर सपा ने अपने सिद्धांत ‘जब खेत मुस्कुराएगा, तब देश मुस्कुराएगा’ का जिक्र किया। पार्टी ने किसानों की मेहनत को सम्मानजनक और लाभकारी मूल्य दिलाने तथा समय पर भुगतान का वादा किया है। इसके साथ ही मजदूरों को उनकी मेहनत का सही मूल्य दिलाने और सभी के जीवन स्तर में सुधार करने की बात कही गई है।
युवाओं, विद्यार्थियों और नौकरी की तैयारी करने वालों के लिए सरकारी और निजी क्षेत्र में निष्पक्ष रोजगार के अवसर, नौकरी, प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति, विदेशी शिक्षा, खेल, कला और रचनात्मक क्षेत्रों में प्रशिक्षण व आर्थिक मदद देने की बात कही गई है। इसके साथ ही स्टार्टअप के अवसर बढ़ाने और युवाओं को नए रोजगार के रास्ते उपलब्ध कराने का संकल्प रखा गया है।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर सपा ने ‘जब शिक्षा अच्छी होगी, परीक्षा सच्ची होगी, तभी तरक्की पक्की होगी’ के विचार के साथ शिक्षा, शिक्षक और विद्यार्थियों के सम्मान को पुनर्स्थापित करने का वादा किया है। घोषणापत्र में बंद हुए प्राथमिक विद्यालयों को फिर शुरू करने, शिक्षामित्रों और शिक्षकों को सम्मानजनक वेतन व स्थायी नौकरी देने और परीक्षा व्यवस्था को नियमित, पारदर्शी तथा प्रभावी बनाने की बात कही गई है।
PDA प्रणपत्र में आशा, आंगनवाड़ी सहायिका, नर्सिंग स्टाफ, संविदा कर्मचारी, आउटसोर्सिंग कर्मचारी, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, सरकारी और गैर सरकारी कर्मचारी तथा दैनिक कर्मियों के लिए सम्मानजनक वेतन, समायोजन, सामाजिक सुरक्षा, न्यायसंगत सेवा शर्तें और पुरानी पेंशन लागू करने का वादा किया गया है।
कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए समाजवादी पार्टी ने पुलिस व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से लैस करने की बात कही है। इसमें AI तकनीक, बॉडी कैमरा, CCTV नेटवर्क, फॉरेंसिक लैब और डेटा आधारित पुलिसिंग शामिल है। पार्टी ने पुलिस व्यवस्था को राजनीतिक दबाव, जातिगत भेदभाव, भ्रष्टाचार और हिरासत में हिंसा से मुक्त बनाने का संकल्प रखा है। महिला सुरक्षा के लिए 1090 और डायल 112 जैसी सेवाओं को अधिक मजबूत, त्वरित और जवाबदेह बनाने की बात कही गई है। इसके साथ ही फास्ट ट्रैक अदालतों के जरिए त्वरित न्याय और भयमुक्त समाज स्थापित करने का वादा किया गया है।
गांव, बस्ती और शहरों में बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी घोषणापत्र में कई वादे किए गए हैं। सड़क, रेल, हवाई संपर्क, हाईवे, मेट्रो, रोडवेज, आधुनिक मंडी, सस्ती बिजली और पानी जैसी सुविधाओं को समान रूप से पहुंचाने की बात कही गई है। सभी क्षेत्रों के संतुलित विकास के साथ बिजली, पानी, सीवर, सड़क, वाईफाई, CCTV और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं से युक्त नए गांव विकसित करने का संकल्प रखा गया है।
AI और नई तकनीक को लेकर भी समाजवादी पार्टी ने अपना विचार रखा है। घोषणापत्र में AI के सकारात्मक उपयोग से लोगों का जीवन आसान और सुरक्षित बनाने की बात कही गई है। साथ ही तकनीक के कारण रोजगार और जीवनशैली पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को कम से कम करने का संकल्प रखा गया है।