एक्ट्रेस तृषा पर विवादित टिप्पणी के बाद उदयनिधि स्टालिन गिरफ्तार, शिकायत के बाद पुलिस का एक्शन

KNEWS DESK- तमिलनाडु की राजनीति में एक्ट्रेस तृषा कृष्णन को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। तमिलनाडु विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और DMK नेता उदयनिधि स्टालिन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उदयनिधि पर एक जनसभा के दौरान अभिनेत्री तृषा को लेकर कथित तौर पर दोअर्थी टिप्पणी करने का आरोप है। मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने पहले उन्हें हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले को लेकर तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) और विपक्षी DMK के बीच राजनीतिक टकराव भी बढ़ गया है। TVK की ओर से उदयनिधि की कथित टिप्पणी को महिलाओं का अपमान बताते हुए पुलिस के साथ-साथ राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) में भी शिकायत की गई थी।

तंजावुर में दर्ज कराई गई थी शिकायत

जानकारी के मुताबिक, तंजावुर में TVK की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट महिला विंग की संयोजक एस. भैरवी ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ तंजावुर ईस्ट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में अभिनेत्री तृषा को लेकर कथित आपत्तिजनक और दोहरे अर्थ वाली टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया।

मामले को लेकर विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। उदयनिधि स्टालिन जहां ठहरे हुए थे, वहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। बाद में पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के तहत गिरफ्तार कर लिया। उदयनिधि की गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति और गरमा गई है। DMK और TVK के बीच पहले से जारी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब यह मामला नया विवाद बन गया है।

आखिर क्या कहा था उदयनिधि ने?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह पूरा विवाद तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित एक जनसभा से जुड़ा है। उदयनिधि स्टालिन सभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने कथित तौर पर “तृषा, तृषा” के नारे लगाने शुरू कर दिए। नारेबाजी के बीच उदयनिधि ने कुछ देर के लिए अपना भाषण रोका और कथित तौर पर कहा, “पानी कहीं और पहुंचे या न पहुंचे, उन्हें वहां जरूर पहुंचना चाहिए।” हालांकि उदयनिधि की ओर से यह स्पष्ट करने की कोशिश की गई कि उनकी टिप्पणी कावेरी नदी के पानी के संदर्भ में थी। इसके बावजूद TVK ने इसे अभिनेत्री तृषा से जोड़ते हुए दोहरे अर्थ वाली और आपत्तिजनक टिप्पणी करार दिया।

इसी बयान का वीडियो सामने आने के बाद विवाद तेजी से बढ़ गया और राजनीतिक दलों के साथ सोशल मीडिया पर भी इस टिप्पणी को लेकर प्रतिक्रियाएं आने लगीं।

TVK ने लगाया महिलाओं के अपमान का आरोप

मुख्यमंत्री विजय की पार्टी TVK ने उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई। पार्टी की ओर से दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया कि भीड़ की ओर से लगाए गए “तृषा-तृषा” के नारों के जवाब में उदयनिधि ने कथित तौर पर ऐसा बयान दिया, जिसका दोहरा अर्थ निकाला जा सकता है।

TVK ने आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणी न केवल अभिनेत्री के लिए अपमानजनक है, बल्कि महिलाओं के सम्मान को भी ठेस पहुंचाती है। शिकायत में उदयनिधि के अलावा DMK की IT विंग से जुड़े अधिकारियों पर भी आरोप लगाए गए हैं। पार्टी का आरोप है कि कथित टिप्पणी से जुड़ा वीडियो जानबूझकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया गया। शिकायत में दावा किया गया कि इससे अभिनेत्री और अन्य महिलाओं को मानसिक तनाव पहुंच सकता है।

राष्ट्रीय महिला आयोग तक पहुंचा मामला

TVK ने इस मामले को केवल पुलिस तक सीमित नहीं रखा, बल्कि राष्ट्रीय महिला आयोग में भी शिकायत दर्ज कराई। पार्टी ने उदयनिधि की कथित टिप्पणी पर कार्रवाई की मांग की।

मामला अभिनेत्री तृषा से जुड़ा होने के कारण सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा में आ गया। एक तरफ उदयनिधि की टिप्पणी की आलोचना की जा रही है, तो दूसरी तरफ उनके बयान के संदर्भ और उसके राजनीतिक अर्थ को लेकर भी बहस छिड़ गई है।

गिरफ्तारी के बाद बढ़ा सियासी टकराव

उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है जब तमिलनाडु में DMK और TVK के बीच राजनीतिक मुकाबला पहले से तेज है। विजय के नेतृत्व वाली TVK सत्ता में है, जबकि उदयनिधि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में हैं। ऐसे में एक जनसभा में दिए गए कथित बयान को लेकर पुलिस कार्रवाई ने राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। अब इस मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई और उदयनिधि स्टालिन की ओर से आने वाली प्रतिक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हैं।

फिलहाल अभिनेत्री तृषा को लेकर कथित टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद पुलिस शिकायत और गिरफ्तारी तक पहुंच चुका है। इस घटनाक्रम ने तमिलनाडु की सियासत में TVK और DMK के बीच चल रहे राजनीतिक संघर्ष को और तेज कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *