बरेली में पुलिस मुठभेड़ में दो बच्चा अगवा करने वाले घायल, डेढ़ साल का मासूम सकुशल बरामद

KNEWS DESK- बरेली जिले के आंवला क्षेत्र स्थित मनौना श्याम मंदिर से रविवार दोपहर अगवा किए गए डेढ़ साल के मासूम ऋषभ को पुलिस ने मंगलवार देर रात सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे को अगवा करने वाले दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। दोनों के पैर में गोली लगी है, जबकि मुठभेड़ के दौरान एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, ऋषभ मंदिर परिसर में कार्यरत सफाईकर्मी रमन का बेटा है। रविवार दोपहर मंदिर से उसका अपहरण कर लिया गया था। घटना के बाद मौके से मिले सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए थे, जिनके आधार पर पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।

एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक बाइक पर बच्चे को लेकर अलीगंज रोड की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी शुरू कर दी। हुलासी फाटक के पास पुलिस ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी।

मुठभेड़ के दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल उमेश की बांह को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों आरोपियों को पैर में गोली मारकर दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहजहांपुर जिले के गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के धोपला करीम नगर निवासी योगेश और बदायूं के ककराला कस्बे निवासी पवन सिंह के रूप में हुई है। योगेश एमएससी नर्सिंग का छात्र बताया जा रहा है।

पुलिस कार्रवाई के दौरान बाइक गिरने से बच्चा भी नीचे गिर पड़ा, लेकिन उसे तुरंत सुरक्षित कब्जे में लेकर अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे के सिर में मामूली चोट आई है और उसकी हालत खतरे से बाहर है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बच्चे को बेचने की फिराक में थे। पुलिस अब इस मामले में अंतरजनपदीय बच्चा चोर गिरोह की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *