KNEWS DESK- दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर हाईवे के बीच लगाए गए पौधे को कथित तौर पर उखाड़कर ले जाने का CCTV वीडियो सामने आया है। करीब एक मिनट के वायरल फुटेज में एक व्यक्ति हाईवे के बीच लगे पौधे को जमीन से निकालता और उसे कार की डिग्गी में रखते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
CCTV फुटेज में दिखाई देता है कि एक कार हाईवे पर रुकती है। इसके बाद एक व्यक्ति कार से नीचे उतरकर सड़क के बीच लगे पौधे के पास जाता है। वह पौधे को जमीन से निकालने की कोशिश करता है और पौधा निकलने के बाद उसे उठाकर कार की डिग्गी में रख देता है। इसके बाद कार वहां से आगे बढ़ जाती है।
कार पर लिखा था POLICE
वायरल वीडियो में कार पर ‘POLICE’ लिखा हुआ दिखाई दे रहा है। इसी वजह से यह वीडियो चर्चा में है और कार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, अभी तक यह आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं है कि कार वास्तव में पुलिस विभाग की है या नहीं। वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान की भी पुष्टि नहीं हुई है।
दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के निर्माण और सौंदर्यीकरण के तहत सड़क किनारे और डिवाइडर क्षेत्र में बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए हैं। ऐसे में पौधे को उखाड़कर ले जाने की घटना ने उनकी सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस विभाग से जुड़ी है कार तो क्या होगी कार्रवाई?
फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर यह स्पष्ट नहीं है कि घटना बागपत जिले में कॉरिडोर के किस स्थान पर हुई और पौधा उखाड़ने वाले व्यक्ति की पहचान क्या है। CCTV फुटेज में दिखाई दे रही कार के नंबर के जरिए वाहन और उसमें सवार व्यक्ति की पहचान की जा सकती है।
अब सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग या पुलिस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर कार और व्यक्ति की पहचान करेगा। अगर जांच में कार के पुलिस विभाग से जुड़े होने की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी, इस पर भी नजर रहेगी।