KNEWS DESK- फिल्मी पर्दे से राजनीति में कदम रखने के बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने थलपति विजय की सरकार ने अपना पहला बजट पेश कर दिया है। तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के नेतृत्व वाली सरकार के बजट में महिलाओं, छात्रों, युवाओं और सामाजिक कल्याण से जुड़ी कई बड़ी योजनाओं पर जोर दिया गया है। विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए कई वादों को भी बजट में जगह दी गई है। वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन ने वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए शिक्षा से लेकर महिलाओं की शादी और नवजात बच्चों तक के लिए कई घोषणाएं की हैं।
दुल्हनों को मिलेगा 8 ग्राम सोना और रेशमी साड़ी
विजय सरकार के पहले बजट में सबसे ज्यादा चर्चा महिलाओं के लिए घोषित विवाह सहायता योजना की हो रही है। सरकार ने ‘अन्नन सीर थिट्टम’ योजना के तहत पात्र महिलाओं को शादी के समय 8 ग्राम सोने का सिक्का और रेशमी साड़ी देने की घोषणा की है। इस योजना को लागू करने के लिए बजट में 812 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह TVK के विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए प्रमुख वादों में शामिल था।
सरकार ने नवजात बच्चों के लिए भी खास योजना का ऐलान किया है। तमिलनाडु के सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को सोने की अंगूठी देने के चुनावी वादे को पूरा करने के लिए 560 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
स्कूल शिक्षा पर सरकार का बड़ा फोकस
विजय सरकार ने अपने पहले बजट में शिक्षा को प्रमुख प्राथमिकताओं में रखा है। स्कूल शिक्षा क्षेत्र के लिए 44 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि आवंटित की गई है। इसके अलावा समाज कल्याण विभाग के लिए 3,937 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए ‘कामराज स्पेशल स्कूल’ खोले जाने की घोषणा भी की गई है। इन स्कूलों में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ भोजन, हॉस्टल, कपड़े और कोर्स से जुड़ी जरूरी सामग्री मुफ्त उपलब्ध कराने की योजना है। इसका उद्देश्य छात्रों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की पढ़ाई में मदद करना है।
कक्षा 8 तक बढ़ाई गई नाश्ता योजना
स्कूली बच्चों के लिए चल रही नाश्ता योजना का भी विस्तार किया गया है। पिछली DMK सरकार के दौरान यह योजना कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई थी। अब विजय सरकार ने इसका दायरा बढ़ाते हुए कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों को भी इसमें शामिल करने का फैसला किया है।
इस योजना के विस्तार के लिए 710 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। यानी अब राज्य में कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिल सकेगा।
मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की तैयारी
बजट में तमिलनाडु के इंफ्रास्ट्रक्चर, खासकर मेट्रो रेल नेटवर्क के विस्तार पर भी जोर दिया गया है। सरकार चेन्नई एयरपोर्ट से किलाम्बक्कम, कोयम्बेडु से पट्टाबिराम और पूनामल्ली से सुंगुवरचथिरम तक मेट्रो रेल लाइन के विस्तार की दिशा में आगे बढ़ रही है।
वित्त मंत्री के मुताबिक इन परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से जल्द मंजूरी हासिल करने की कोशिश की जाएगी। इसके अलावा होसुर से कर्नाटक के बोम्मासंद्रा तक मेट्रो कनेक्टिविटी के प्रस्ताव पर भी सरकार काम कर रही है।
भ्रष्टाचार पर सख्ती का दावा
बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री मैरी विल्सन ने भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने दावा किया कि विजय सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। सरकार ने पिछले तीन महीनों में टेंडर प्रक्रिया में बदलाव करने और युवाओं के लिए इसमें भागीदारी के अवसर बढ़ाने की बात भी कही है। सरकार का कहना है कि सामाजिक न्याय, समानता, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन उसकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
तमिलनाडु पर 10 लाख करोड़ रुपये के कर्ज का दावा
लोकलुभावन और कल्याणकारी घोषणाओं के बीच राज्य की वित्तीय स्थिति भी सरकार के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है। वित्त मंत्री ने सरकार के श्वेत पत्र का हवाला देते हुए कहा कि तमिलनाडु पर करीब 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है। उन्होंने कहा कि राज्य को कर्ज के दबाव से बाहर निकालने के लिए सरकार कदम उठा रही है।
कुल मिलाकर विजय सरकार के पहले बजट में महिलाओं, बच्चों, युवाओं और शिक्षा क्षेत्र को प्रमुखता दी गई है। दुल्हनों के लिए सोना और रेशमी साड़ी, नवजात बच्चों के लिए सोने की अंगूठी, छात्रों के लिए स्पेशल स्कूल और नाश्ता योजना का विस्तार जैसे फैसले खास तौर पर चर्चा में हैं। अब नजर इस बात पर रहेगी कि विजय सरकार इन घोषणाओं को जमीन पर कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से लागू करती है।