170 की स्पीड से बाइक चला रही थी वो…. आरोपी के वकील का दावा; राइडर सिया ने बताई अलग कहानी

KNEWS DESK- गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। आरोपी कल्याण बैंसला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पांच टीमें गठित की हैं। 48 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

आरोपी के वकील नवीन बैसला ने महिला बाइक राइडर सिया की रफ्तार और राइडिंग पर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि सिया करीब 170 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बाइक चला रही थीं। वकील ने यह भी आरोप लगाया कि करीब 20 से 22 बाइक सवार एक साथ स्टंट कर रहे थे। उन्होंने सिया के ड्राइविंग लाइसेंस पर भी सवाल उठाया।

वहीं, सिया का आरोप है कि कार सवार ने पहले उसका पीछा किया और उसके साथ बदसलूकी की। सिया के मुताबिक, वह तीसरी लेन में सामान्य रफ्तार से बाइक चला रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर कई मीटर तक घिसटती चली गईं। पूरी घटना बाइक में लगे फ्रंट कैमरे में रिकॉर्ड हुई।

सिया ने दावा किया कि हादसे के बाद कार चालक ने लाल बत्ती तोड़कर मौके से फरार हो गया। उन्होंने कार सवारों के नशे में होने का भी आरोप लगाया है।

आरोपी कल्याण बैंसला ने टक्कर होने की बात स्वीकार की है, लेकिन जानबूझकर बाइक को टक्कर मारने से इनकार किया। उसके मुताबिक, यू-टर्न के पास अचानक कार पर नियंत्रण बिगड़ गया था। उसने यह भी कहा कि रुकने पर बाइक सवारों का समूह उसके और परिवार के साथ मारपीट कर सकता था।

पुलिस के अनुसार, कार मनीष के नाम पर पंजीकृत है। मनीष ने बताया कि घटना के समय कार कल्याण चला रहा था। मामले में पुलिस जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *