संजय सिंह चुने गए भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष, BJP सांसद बृजभूषण सिंह के करीबी हैं संजय सिंह

KNEWS DESK- संजय सिंह को भारतीय कुश्ती महासंघ का अध्यक्ष बनाया गया। संजय सिंह का मुकाबला राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता अनीता श्योराण से था। इन्हें प्रदर्शनकारी पहलवानों का समर्थन हासिल था। आपको बता दें कि संजय सिंह BJP सांसद बृजभूषण सिंह के करीबी हैं।

कौन हैं संजय सिंह?

संजय सिंह ‘बबलू’ को कुश्ती का बहुत शौक है और वर्तमान में वह वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं। इसके अलावा वह कुश्ती संघ के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। इस दौरान वे कई बार संघ की कार्यसमिति में भी शामिल रहे। इसके अलावा उन्होंने भारतीय कुश्ती संघ का नेतृत्व करने के लिए विदेश दौरे भी किए हैं। कहा जाता है कि संजय सिंह बब्लू ने पूर्वांचल की महिला पहलवानों को आगे लाने में अहम भूमिका निभाई है।

संजय सिंह वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं

संजय सिंह मूल रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के रहने वाले हैं। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ वाराणसी में रहते हैं। संजय सिंह बब्लू पिछले डेढ़ दशक से अधिक समय से कुश्ती संघ से जुड़े हुए हैं और बृजभूषण शरण सिंह के काफी करीबी माने जाते हैं। वह 2008 से वाराणसी कुश्ती संघ के जिला अध्यक्ष रहे हैं। संजय सिंह बब्लू को 2009 में राज्य कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष के रूप में चुना गया था।

क्या बोले संजय सिंह?

चुनाव जीतने के बाद संजय सिंह ने कहा कि अब राष्ट्रीय शिविर (कुश्ती के लिए) आयोजित किए जाएंगे। जो पहलवान राजनीति करना चाहते हैं वे राजनीति कर सकते हैं, जो कुश्ती करना चाहते हैं वे कुश्ती करेंगे।

वहीं बृजभूषण सिंह के दामाद विशाल सिंह ने रिजल्ट के बाद कहा कि हमारे पूरे पैनल ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा, ”हमारे सभी पैनल की जीत हुई है. सभी अच्छे बहुमत से जीते हैं. गिनती चल रही है तो अधिकारिक नंबर जल्द ही आ जाएंगे। पिछले कुछ दिनों में कुश्ती को नुकसान हुआ। हमारे खिलाड़ी अच्छे प्रदर्शन कर सकते थे, लेकिन जो भी पिछले कुछ दिनों में हुआ उसका नुकसान हुआ है.”

ये भी पढ़ें-     हुंडई 2024 में अपनी Hyundai Creta N-Line वर्जन करेगी पेश, मिलेंगे कई कॉस्मेटिक बदलाव

बृजभूषण शरण सिंह क्या बोले?

संजय सिंह की जीत पर बृजभूषण शरण सिंह के आवास पर पटाखे फोड़ने शुरू कर दिए गए हैं. आज सुबह ही संजय सिंह की जीत का भरोसा जताते हुए बृजभूषण  सिंह ने कहा था, ”11 महीने बाद चुनाव हो रहे हैं. जहां तक संजय का सवाल है तो उन्हें पुराने महासंघ का प्रतिनिधि माना जा सकता है. संजय सिंह का चुनाव जीतना तय है.”

About Post Author