KNEWS DESK- पश्चिम बंगाल में दो विधानसभा क्षेत्रों के 15 मतदान केंद्रों पर आज फिर से वोटिंग कराई जा रही है। निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद यह पुनर्मतदान कराया जा रहा है। इन बूथों पर पहले चरण की वोटिंग के दौरान गड़बड़ी के आरोप सामने आए थे, जिसके बाद विशेष चुनाव पर्यवेक्षक की रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला लिया गया।
आयोग के अनुसार, दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 बूथ (117, 179, 194 और 243) और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 बूथ (46, 126, 127, 128, 142, 214, 215, 216, 230, 231 और 232) पर दोबारा मतदान हो रहा है। पुनर्मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जा रहा है।
आयोग ने अपने 1 मई 2026 के आदेश में कहा था कि 29 अप्रैल को हुई वोटिंग के दौरान संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर और पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट में अनियमितताओं की पुष्टि हुई। इसके चलते Representation of the People Act, 1951 की धारा 58(2) के तहत इन बूथों की वोटिंग रद्द कर नई वोटिंग का आदेश दिया गया।फिलहाल फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में ईवीएम पर टेप चिपकाने के आरोपों को लेकर आयोग ने कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है। एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और फैसला बाद में लिया जाएगा।
राजनीतिक स्तर पर इस मुद्दे को लेकर आरोप-प्रत्यारोप तेज हैं। भारतीय जनता पार्टी ने डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर चुनावी गड़बड़ी का आरोप लगाया था। यह क्षेत्र अभिषेक बनर्जी का प्रतिनिधित्व करता है। शिकायतों की जांच के लिए आयोग ने विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता को नियुक्त किया था।
वहीं तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी संभावित हार को देखते हुए पुनर्मतदान की मांग कर रही है और लोगों को दोबारा वोटिंग के लिए मजबूर किया जा रहा है। दूसरी ओर बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि कई बूथों पर धांधली हुई थी और पुनर्मतदान का फैसला उचित है।आयोग ने स्पष्ट किया है कि पुनर्मतदान पूरी सख्ती और निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत कराया जा रहा है, ताकि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किया जा सके।