KNEWS DESK- राम मंदिर के चढ़ावे और दान से जुड़े कथित विवाद को लेकर सोमवार को संसद परिसर में विपक्षी दलों ने एक बार फिर विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसदों ने सांकेतिक दान पेटी और पोस्टर के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की और मामले की जांच की मांग उठाई। समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन समेत कई विपक्षी नेता प्रदर्शन में शामिल हुए। जया बच्चन ने विरोध के दौरान रखी गई सांकेतिक दान पेटी में रुपये डालकर अपना विरोध दर्ज कराया।
संसद परिसर में प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने हाथों में पोस्टर लेकर नारेबाजी की। सांकेतिक दान पेटी पर भी चंदे में कथित गड़बड़ी से जुड़ा पोस्टर लगाया गया था। विपक्ष का आरोप है कि राम मंदिर के लिए श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान और चढ़ावे को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब सरकार और संबंधित संस्थाओं को देना चाहिए।
डिंपल यादव ने सरकार पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने इस मामले को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है। डिंपल यादव ने सवाल किया कि अगर चंदे और जमीन से जुड़े मामलों में गड़बड़ी के आरोप सामने आए हैं, तो अब तक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई? डिंपल यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं ने भगवान राम के प्रति अपनी आस्था और श्रद्धा के चलते मंदिर में धन के साथ-साथ कई कीमती धातुएं भी अर्पित की थीं। ऐसे में यह स्पष्ट होना चाहिए कि श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान और चढ़ावे का इस्तेमाल कहां और किस तरह किया गया।
उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक विषय नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा सवाल है। इसलिए पूरे मामले में पारदर्शिता होनी चाहिए और उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब दिया जाना चाहिए।
राहुल गांधी और पप्पू यादव पर FIR का भी किया जिक्र
विपक्ष के प्रदर्शन के बीच डिंपल यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पूर्णिया सांसद पप्पू यादव और समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ दर्ज FIR का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करके सरकार राम जन्मभूमि से जुड़े कथित भूमि विवाद और मंदिर के दान को लेकर उठाए जा रहे सवालों से ध्यान हटाना चाहती है।
डिंपल यादव ने दावा किया कि जनता के बीच सरकार को लेकर नाराजगी बढ़ रही है और विपक्ष लगातार इन्हीं मुद्दों को संसद के अंदर और बाहर उठा रहा है। उनका कहना था कि FIR जैसी कार्रवाई से विपक्ष सवाल पूछना बंद नहीं करेगा।
राजीव शुक्ला ने ट्रस्ट को लेकर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने भी प्रदर्शन के दौरान मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने सनातन बोर्ड बनाने की मांग का जिक्र करते हुए पूछा कि मंदिर ट्रस्ट और उससे जुड़ी संस्थाओं में एक विशेष संगठन से जुड़े लोगों की भूमिका क्यों होनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि यदि धार्मिक संस्थाओं के संचालन के लिए अलग व्यवस्था की मांग की जा रही है तो उस दिशा में कदम क्यों नहीं उठाए जाते।
राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। इससे पहले भी संसद परिसर में इस मुद्दे पर प्रदर्शन किया गया था। अब एक बार फिर विपक्ष ने सांकेतिक दान पेटी के जरिए विरोध दर्ज कराकर मामले को राजनीतिक रूप से गर्म कर दिया है। वहीं विपक्षी नेताओं के खिलाफ दर्ज FIR के बाद विवाद और तेज हो गया है। आने वाले दिनों में संसद के भीतर भी इस मुद्दे की गूंज सुनाई देने की संभावना है।