राम मंदिर प्राण- प्रतिष्ठा में नहीं जाएंगे राहुल गांधी, बोले- ‘ये पीएम मोदी का सियासी कार्यक्रम’

KNEWS DESK- भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि वो राम मंदिर प्राण- प्रतिष्ठा में नहीं जाएंगे। साथ ही उन्होंने अयोध्या में हो रहे कार्यक्रम को पीएम मोदी का सियासी कार्यक्रम बताया है।

नॉर्थ ईस्ट के सूबे नागालैंड के कोहिमा में मंगलवार (16 जनवरी, 2024) को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केरल के वायनाड से कांग्रेस सांसद ने कहा कि राम मंदिर के उद्घाटन संबंधी कार्यक्रम को लेकर हिंदू धर्म के अहम लोगों ने भी सवाल दागे हैं कि 22 तारीख का कार्यक्रम चुनावी हो गया है। ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष ने नहीं जाने का फैसला लिया है। हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं हालांकि, हमारी पार्टी और गठबंधन में से जो लोग भी वहां जाना चाहे जा सकते हैं।

BJP से मुकाबले को ‘INDIA’ है तैयार, यही हमारा विचार- गांधी

राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि बीजेपी से मुकाबले के लिए इंडिया गठबंधन पूरी तरह तैयार है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा विचारधारा की यात्रा है। इंडिया गठबंधन अच्छी तरह चुनाव लड़ेगा और वह जीत भी हासिल करेगा। न्याय यात्रा सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक न्याय के लिए है और इसमें जाति जनगणना जैसे कई मुद्दे हैं। पश्चिम बंगाल में इंडिया गठजोड़ के सवाल पर आगे वह बोले, “बंगाल में हम सहयोगियों के साथ चर्चा में हैं। सीट बंटवारे पर फिलहाल बात चल रही है और इसमें कोई जटिलता नहीं है.” हालांकि, उन्होंने कबूला कि कुछ राज्यों में पेंच है।

राहुल गांधी ने कहा कि “भाजपा का मॉडल नफरती मॉडल है। हिन्दुस्तान की सरकार को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), दलित और आदिवासी नहीं चलाते हैं। अन्याय की वजह से नफरत बढ़ रही है। मीडिया इन चीजों को ओवरप्ले करता है। आप एक मुद्दे को उठा कर उसे मुद्दा बना देते हैं। हमें आत्मविश्वास है जो छोटी-छोटी परेशानियां हैं वो सुलझ जाएंगी और हम भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे.”

ये भी पढ़ें-   ये हैं भगवान राम के 10 सबसे पॉपुलर भजन, जिन्हें सुनने के बाद राम भक्ति में डूब जाएंगे आप

About Post Author