पैलेट गन से घायल शख्स को लेकर संसद मार्ग थाने पहुंचे राहुल, केस दर्ज कराने पर अड़े

KNEWS DESK – दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन चलाए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में केस दर्ज कराने और जांच की मांग को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे। राहुल गांधी अपने साथ उस शख्स को भी लेकर गए, जो प्रदर्शन के दौरान पेलेट गन से घायल हुआ था।

राहुल गांधी लगातार आरोप लगाते रहे हैं कि छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस की ओर से पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। अब उन्होंने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच की मांग तेज कर दी है।

घायल शख्स को लेकर थाने पहुंचे राहुल

राहुल गांधी पुलिस स्टेशन पहुंचने के दौरान पैलेट गन से घायल हुए व्यक्ति को भी अपने साथ लेकर गए। उनका कहना है कि इस मामले में जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

इससे पहले राहुल गांधी पेलेट गन के इस्तेमाल को लेकर अब तक हुई जांच में प्रगति की जानकारी लेने के लिए डीसीपी कार्यालय भी पहुंचे थे।

राहुल गांधी उन पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कराना चाहते हैं, जिन पर प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन चलाने का आरोप है। रिपोर्ट के मुताबिक, वह पहले मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे और एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया।

हालांकि, पुलिस की ओर से केस दर्ज नहीं किए जाने के बाद राहुल गांधी डीसीपी सेंट्रल से मिलने के लिए रवाना हो गए।

बोले- केस दर्ज होने तक जारी रहेगा दबाव

राहुल गांधी ने साफ किया कि जब तक इस मामले में औपचारिक रूप से केस दर्ज नहीं किया जाता, तब तक वह अपनी मांग को लेकर पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पैलेट गन के कथित इस्तेमाल को लेकर राहुल गांधी का यह कदम ऐसे समय में आया है, जब जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन और उस दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर पहले से ही सवाल उठ रहे हैं। अब पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और एफआईआर दर्ज होती है या नहीं, इस पर सबकी नजर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *