प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों का कार्यकाल भारत का स्वर्णिम युग- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी करार देते हुए कहा कि यह कार्यकाल भारत के “स्वर्णिम युग” के रूप में याद किया जाएगा। भाजपा मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है और देश को भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और परिवारवाद की राजनीति से मुक्ति दिलाकर एक आत्मनिर्भर, विकसित राष्ट्र की दिशा में अग्रसर किया है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2014 से पहले देश में अस्थिर सरकारों ने आम जनमानस का भरोसा तोड़ दिया था। लेकिन पिछले 11 वर्षों में शासन की नीति में स्पष्टता, कार्य प्रणाली में पारदर्शिता और जनता के प्रति जवाबदेही को प्राथमिकता दी गई है। अब विकास केवल नारा नहीं, बल्कि जमीन पर उतरने वाली वास्तविकता बन गया है।

“अब सरकारी योजनाओं का लाभ चेहरा देखकर नहीं, जरूरत देखकर दिया जा रहा है। यह शासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही को दर्शाता है।”

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मोदी सरकार ने विकास और सांस्कृतिक विरासत के बीच संतुलन कायम किया है। इस दौरान सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और सेवा-भाव का अभूतपूर्व उदाहरण देश ने देखा है। “इन 11 वर्षों में भारत ने न केवल आर्थिक मोर्चे पर मजबूती हासिल की है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से भी खुद को पुनः स्थापित किया है।” – मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर भी मोदी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में आतंकवाद के खिलाफ भारत ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई है, जिसका परिणाम दुनिया ने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और हाल ही में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में देखा।

“अब भारत केवल शांति की अपील करने वाला देश नहीं, बल्कि यदि कोई हम पर युद्ध थोपता है, तो हम उसे करारा जवाब देने में सक्षम हैं। भारत अब ‘टेस्टेड इन पाकिस्तान, ट्रस्टेड इन वर्ल्ड’ सामरिक शक्ति बन चुका है।” – योगी आदित्यनाथ

Leave a Reply

Your email address will not be published.