डासना जेल से आजम खान की रिहाई की तैयारी पूरी, शाम तक बाहर आने की उम्मीद

KNEWS DESK- समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान की जेल से रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। गाजियाबाद की सीजेएम कोर्ट में जमानत से जुड़ी सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। कोर्ट ने 50 हजार रुपये का निजी मुचलका और 50-50 हजार रुपये के दो जमानती मांगे थे। शहनवाज और जुनैद ने आजम खान के जमानती के तौर पर यह प्रक्रिया पूरी की। दोनों की ओर से 50-50 हजार रुपये की दो एफडी जमा की गई हैं और जरूरी शपथपत्र भी दाखिल किए गए हैं।

कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कोर्ट ने आजम खान की रिहाई का परवाना डासना जेल भेज दिया है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि आजम खान बुधवार शाम तक गाजियाबाद की डासना जेल से बाहर आ सकते हैं।

आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिली थी। हाईकोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए शुरुआती तौर पर कहा था कि गिरफ्तारी के दौरान संविधान के अनुच्छेद 22(1) और पीएमएलए की धारा 19 के तहत जरूरी नियमों का पूरी तरह पालन नहीं हुआ। आजम खान की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने दलील दी थी कि गिरफ्तारी के समय ईडी ने उन्हें लिखित रूप में गिरफ्तारी के कारण नहीं बताए थे।

हाईकोर्ट के अंतरिम जमानत आदेश को ईडी ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। एजेंसी ने गिरफ्तारी के आधार और हाईकोर्ट की टिप्पणियों पर सवाल उठाए थे।

यह मनी लॉन्ड्रिंग मामला रामपुर की मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ा है। ईडी ने आरोप लगाया है कि यूनिवर्सिटी के लिए किसानों की जमीन पर जबरन कब्जा किया गया और सरकारी धन के इस्तेमाल समेत अन्य अनियमितताएं हुईं। एजेंसी के मुताबिक, इस मामले में यूनिवर्सिटी की करीब 426.46 करोड़ रुपये की जमीन और इमारतें अटैच की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *