Knews Desk– महिला पत्रकार ऋचा पराशर ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत अन्य लोगों के खिलाफ नई दिल्ली जिले के डीसीपी के पास आपराधिक शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में 12 अक्टूबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट के बाहर प्रदर्शन की रिपोर्टिंग के दौरान कथित दुर्व्यवहार, धमकी और धक्का देने का आरोप लगाते हुए तत्काल FIR दर्ज करने की मांग की गई है।
महिला पत्रकार ऋचा पराशर ने राहुल गांधी और अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, घटना 12 अक्टूबर 2026 की है, जब वह सुप्रीम कोर्ट में राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन की रिपोर्टिंग कर रही थीं। ऋचा ने आरोप लगाया है कि इस दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया, उन्हें धमकियां दी गईं और उनके खिलाफ आपराधिक बल का इस्तेमाल किया गया। बताया गया है कि उस समय वह तीन महीने की गर्भवती थीं।
शिकायत में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 के तहत महिला की गरिमा भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल प्रयोग करने, धारा 115(2) के तहत स्वेच्छा से चोट पहुंचाने और धारा 131 के तहत हमला या आपराधिक बल प्रयोग करने से संबंधित प्रावधानों का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा, शिकायत में धारा 125 के तहत लापरवाही से ऐसा कार्य करने, जिससे मानव जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरा हो, और धारा 3(5) के तहत साझा इरादे से किए गए अपराधों की संयुक्त जिम्मेदारी के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।
ऋचा पराशर ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन की रिपोर्टिंग के दौरान राहुल गांधी ने उन्हें धक्का दिया था। घटना के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में सर गंगा राम अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया था कि ऋचा रात करीब 10 बजे अस्पताल पहुंची थीं। उन्हें बिना रजिस्ट्रेशन फॉर्म के भर्ती किया गया और भर्ती करने से पहले उनकी जांच की गई थी। फिलहाल, शिकायत में लगाए गए आरोपों पर पुलिस की कार्रवाई और FIR दर्ज होने की स्थिति की जानकारी सामने आना बाकी है।