इस महीने में हो सकती है PM मोदी और ट्रंप की मुलाकात… G7 समिट के लिए फ्रांस में होंगे दोनों नेता

KNEWS DESK- अमेरिका और भारत के बीच शीर्ष स्तर की कूटनीति एक बार फिर तेज होती दिख रही है। प्रधानमंत्री Narendra Modi और अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump के बीच जून में मुलाकात होने की संभावना जताई जा रही है। यह बैठक फ्रांस में होने वाले जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान हो सकती है, जिसमें दोनों नेता भाग लेने के लिए पहुंचेंगे।

सूत्रों के अनुसार, इस संभावित मुलाकात को लेकर दोनों देशों के स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। जी7 सम्मेलन के दौरान मोदी और ट्रंप के बीच द्विपक्षीय बातचीत पर भी सहमति बन सकती है, जिससे कई रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

इस हाई-प्रोफाइल बैठक से पहले अमेरिका के विदेश मंत्री Marco Rubio मई में भारत का दौरा करेंगे। उनका यह दौरा इस संभावित मुलाकात की रूपरेखा तय करने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। दिल्ली में होने वाली बैठकों में दोनों देशों के बीच एजेंडा और प्राथमिकताओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।

दोनों नेताओं के बीच पिछले कुछ महीनों में संपर्क लगातार बना हुआ है। आखिरी बार उनकी आमने-सामने मुलाकात फरवरी 2025 में हुई थी, हालांकि फोन और अन्य माध्यमों से बातचीत जारी रही है।

हाल ही में राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को अपना “दोस्त” बताते हुए कहा था कि दोनों के बीच पश्चिम एशिया और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर बेहद सकारात्मक बातचीत हुई है। उन्होंने मोदी की नेतृत्व क्षमता की भी सराहना की थी।

मोदी और ट्रंप की संभावित मुलाकात को भारत-अमेरिका संबंधों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसमें रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा और वैश्विक स्थिरता जैसे मुद्दों पर अहम चर्चा हो सकती है।

अब सबकी नजर जून में होने वाली इस संभावित मुलाकात पर टिकी है, जो दोनों देशों के रिश्तों की दिशा तय कर सकती है।