Knews Desk– मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA ब्लॉक के नेताओं ने सोमवार को दिल्ली में मार्च निकाला। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्षी सांसद बाराखंबा रोड से सुप्रीम कोर्ट की ओर बढ़े। विपक्षी नेता वहां पहुंचकर CEC के खिलाफ याचिका दाखिल करेंगे।
मार्च से पहले विपक्षी नेता कॉन्स्टिट्यूशनल क्लब में एकत्र हुए और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की। इस मार्च में समाजवादी पार्टी के नेता धर्मेंद्र यादव, संजय राउत, अरविंद सावंत, महुआ माझी और महुआ मोइत्रा समेत INDIA ब्लॉक के कई सांसद शामिल हुए।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष की मांग है कि सुप्रीम कोर्ट उनकी बात सुने और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर उचित कदम उठाए।पायलट ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का आचरण अवैध और असंवैधानिक है। उन्होंने CEC के इस्तीफे की मांग दोहराई और कहा कि विपक्ष ने वोट चोरी से जुड़े जो सबूत पेश किए हैं, उनके आधार पर लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ाई जारी रखनी होगी।
उन्होंने कहा कि विपक्ष शांतिपूर्ण और गांधीवादी तरीके से अपनी बात रखना चाहता है, लेकिन पुलिस युवाओं पर लाठियां बरसा रही है और नेताओं को हिरासत में लिया जा रहा है। पायलट ने आरोप लगाया कि सरकार खुद को बचाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है। INDIA ब्लॉक के नेताओं का कहना है कि वे चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता से जुड़े सवालों को अदालत के सामने रखना चाहते हैं। विपक्ष ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी दोहराई है।