KNEWS DESK– दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में विद्यार्थियों के लिए आवासीय सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद की 1284वीं बैठक में ₹5,889 करोड़ की अनुमानित लागत से नए हॉस्टलों के निर्माण और पुराने हॉस्टलों के पुनर्निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इस योजना से कुल 21,895 विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा मिलने की उम्मीद है।
योजना के तहत नए हॉस्टलों के निर्माण पर ₹4,027 करोड़ खर्च किए जाएंगे, जिससे 15,758 विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। वहीं, ₹1,862 करोड़ की लागत से पुराने हॉस्टलों का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इससे 6,137 विद्यार्थियों के लिए आवास की सुविधा उपलब्ध होगी। विश्वविद्यालय की योजना के अनुसार, ढाका कॉम्प्लेक्स, सूरजमल विहार और नजफगढ़ परिसर में बहुमंजिला हॉस्टल बनाए जाएंगे। इसके अलावा, रोशनपुरा स्थित वीर सावरकर कॉलेज और द्वारका के पश्चिमी परिसर में छात्राओं और छात्रों के लिए अलग-अलग हॉस्टल बनाने का प्रस्ताव है।
प्रस्तावित हॉस्टलों में डाइनिंग हॉल, कॉमन रूम, रीडिंग रूम, दुकानें और वार्डन के आवास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि भवनों के डिजाइन भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए जाएंगे। विश्वविद्यालय ने अपने कॉलेजों से भी नए हॉस्टल बनाने के प्रस्ताव तैयार कर फंडिंग एजेंसियों को भेजने का आह्वान किया है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना और विश्वविद्यालय परिसर में रहने की व्यवस्था को मजबूत करना है।