KNEWS DESK – बदलते वैश्विक समीकरणों और बढ़ती भू-राजनीतिक चुनौतियों के बीच भारत और Netherlands ने अपने संबंधों को नई मजबूती देने का बड़ा फैसला लिया है. प्रधानमंत्री Narendra Modi और नीदरलैंड के प्रधानमंत्री Rob Jetten के बीच हुई अहम बैठक में दोनों देशों ने रिश्तों को औपचारिक रूप से ‘स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा दे दिया. इस दौरान रक्षा, सेमीकंडक्टर, क्रिटिकल मिनरल्स, ग्रीन हाइड्रोजन और हाई-टेक सेक्टर समेत कई अहम क्षेत्रों में 17 समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए.

बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और उसके वैश्विक असर पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अस्थिरता का असर ऊर्जा सप्लाई और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर साफ दिखाई दे रहा है. खासतौर पर Strait of Hormuz में जहाजों की आवाजाही को लेकर दोनों देशों ने निर्बाध व्यापार और समुद्री सुरक्षा बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया.
प्रधानमंत्री मोदी और रॉब जेटन ने यूक्रेन-रूस युद्ध पर भी चर्चा की और कहा कि स्थायी समाधान केवल बातचीत और कूटनीति से ही संभव है. दोनों नेताओं ने वैश्विक शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई.
बैठक के बाद जारी रोडमैप के तहत भारत और नीदरलैंड रक्षा उत्पादन, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और संयुक्त निर्माण परियोजनाओं पर मिलकर काम करेंगे. इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग, स्पेस टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर सेक्टर में सहयोग बढ़ाने का भी फैसला लिया गया. ग्रीन हाइड्रोजन डेवलपमेंट रोडमैप लॉन्च कर दोनों देशों ने स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में साझेदारी मजबूत करने का संकेत दिया है.
नीदरलैंड को यूरोप में भारत का एक अहम रणनीतिक और व्यापारिक साझेदार माना जाता है. वर्ष 2024-25 में दोनों देशों के बीच व्यापार 27.8 अरब डॉलर तक पहुंच गया. वहीं Netherlands भारत में चौथा सबसे बड़ा विदेशी निवेशक भी है. रॉटरडैम पोर्ट भारतीय निर्यातकों के लिए यूरोप का बड़ा प्रवेश द्वार माना जाता है.
सेमीकंडक्टर और क्रिटिकल मिनरल्स की सप्लाई चेन को मजबूत करने पर भी खास जोर दिया गया. दोनों देशों ने डच Semicon Competence Centre और भारतीय Semiconductor Mission के बीच सहयोग बढ़ाने का स्वागत किया. माना जा रहा है कि इससे भारत के टेक और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को बड़ा फायदा मिल सकता है.
इसके अलावा माइग्रेशन और मोबिलिटी समझौते के जरिए भारतीय छात्रों और प्रोफेशनल्स के लिए नीदरलैंड में नौकरी और शिक्षा के नए अवसर खुलने की उम्मीद जताई जा रही है.
आतंकवाद के मुद्दे पर भी दोनों देशों ने एकजुटता दिखाई. Rob Jetten ने अप्रैल 2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमले की निंदा करते हुए आतंकवाद के खिलाफ भारत को पूरा समर्थन देने की बात कही. दोनों नेताओं ने आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर जोर दिया और दोहरे मापदंडों का विरोध किया.
प्रधानमंत्री Narendra Modi ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत और नीदरलैंड के रिश्तों में तेजी से प्रगति हुई है. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के साझा लोकतांत्रिक मूल्य, बाजार आधारित अर्थव्यवस्था और तकनीकी सहयोग आने वाले समय में साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे.