वाराणसी में दोस्त की हत्या का खुलासा, तीन आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की रची थी साजिश

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। सिगरा थाना क्षेत्र के शिवपुरवा इलाके से लापता ईशू कन्नौजिया की उसके ही तीन दोस्तों ने कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में प्रदीप, उसके भाई रामकृष्ण और दोस्त रोहित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए शव को कई हिस्सों में बांटकर बोरे में रखा और गोबर के गड्ढे में फेंक दिया।

पुलिस जांच के अनुसार, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। 3 अगस्त को शराब पीने के दौरान ईशू और प्रदीप के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान ईशू ने प्रदीप के साथ मारपीट की थी। इसी बात को लेकर प्रदीप ने अपने भाई और दोस्त के साथ मिलकर कथित तौर पर हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, 7 अगस्त की रात तीनों ने ईशू को शराब पिलाई। इसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव की पहचान छिपाने और उसे ठिकाने लगाने की कोशिश की।

बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी प्रदीप ने शव को ठिकाने लगाने का तरीका इंटरनेट पर वीडियो देखकर सीखा था। इसके बाद शव को प्लास्टिक के बोरे में भरकर ऐसे स्थान पर फेंका गया, जहां किसी को आसानी से शक न हो। ईशू के लापता होने के बाद उसके परिजनों ने 17 अगस्त को सिगरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने ईशू की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाली। इसमें उसकी आखिरी बातचीत प्रदीप से होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने CCTV फुटेज और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में प्रदीप ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार किया और उसके बाद उसके भाई रामकृष्ण और दोस्त रोहित की भूमिका भी सामने आई। शुक्रवार रात करीब 10 बजे पुलिस ने लहरतारा-छातडीह पोखरी के पास रेलवे के एक पुराने क्वार्टर के समीप बने गोबर के गड्ढे से शव बरामद किया। शव काफी समय से वहां पड़ा होने के कारण उसकी हालत खराब हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा की मोर्चरी में भेज दिया है।

ADCP काशी जोन वैभव बांगर के मुताबिक, तीनों आरोपी एक साथ शराब पी रहे थे और इसी दौरान प्रदीप और ईशू के बीच विवाद हुआ। पुलिस ने शव बरामद कर लिया है और आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की आगे जांच की जा रही है। पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और साक्ष्यों को भी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *