KNEWS DESK– संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ के लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने सत्ता में रहते हुए संविधान का गला घोंटने का प्रयास किया, वही आज लाल किताब लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। सीएम योगी ने कांग्रेस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का अपमान करने और उन्हें भारत रत्न नहीं देने का आरोप लगाया।
कांग्रेस और सपा पर साधा निशाना
सीएम योगी ने कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष की जागीर नहीं है, बल्कि देश का आम नागरिक इसका वास्तविक संरक्षक है। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना के शुरुआती शब्द ‘हम भारत के लोग’ का उल्लेख करते हुए नागरिकों की भूमिका पर जोर दिया।
योगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को संसद तक पहुंचने से रोकने के लिए षड्यंत्र किए। वहीं समाजवादी पार्टी पर कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने सत्ता में आने के बाद मेडिकल कॉलेज का नाम फिर से बाबा साहेब के नाम पर किया।
3,955 आंबेडकर मूर्ति स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया। सरकार ने बाबा साहेब और सामाजिक न्याय के महापुरुषों से जुड़े कुल 4,030 स्थल चिह्नित किए हैं।
इन स्थलों पर जरूरत के अनुसार छतरी, बाउंड्री वॉल, CCTV कैमरे, सुरक्षा व्यवस्था और फुलवारी विकसित की जाएगी। सीएम ने कहा कि यह अभियान महापुरुषों के योगदान और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की भावनाओं के सम्मान का प्रयास है।
पिछली सरकारों पर भी हमला
सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर माफिया और अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कानून का राज और विधि का शासन ही विकास की गारंटी है। सरकार की प्राथमिकता गरीबों और वंचितों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करना है।