KNEWS DESK- दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच सुप्रीम कोर्ट ने सिर्फ BS-6 मानक वाली गाड़ियों को चलाने का सुझाव दिया है। अगर यह प्रस्ताव लागू होता है, तो BS-6 से कम मानक वाली लाखों पेट्रोल कारों और बाइकों पर असर पड़ सकता है। अनुमान के मुताबिक, दिल्ली में 2012 से 2026 के बीच रजिस्टर्ड 8.4 लाख पेट्रोल कारें और 17.3 लाख पेट्रोल बाइक BS-6 से नीचे की हैं।
25 लाख से ज्यादा वाहनों पर पड़ सकता है असर
वाहनों के रजिस्ट्रेशन डेटा के अनुसार, इस अवधि में दिल्ली में करीब 18.9 लाख पेट्रोल कारें रजिस्टर्ड हुईं, जिनमें 8.4 लाख यानी लगभग 44.3 फीसदी BS-6 से कम मानक वाली हैं। वहीं, 42.8 लाख पेट्रोल बाइकों में से 17.3 लाख यानी करीब 40.3 फीसदी BS-6 से नीचे की हैं।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि ये सभी वाहन अभी भी दिल्ली की सड़कों पर चल रहे हैं। कुछ वाहन खराब होने या अन्य कारणों से इस्तेमाल में नहीं हैं, जबकि कुछ दूसरे शहरों में जा चुके हैं। दिल्ली-NCR में पेट्रोल वाहनों की तय अवधि 15 साल है।
वाहन बदलने पर 75,831 करोड़ रुपये का अनुमान
अगर इन सभी वाहनों को बदलना पड़े तो अनुमानित खर्च करीब 75,831 करोड़ रुपये हो सकता है। एक कार की कीमत 8 लाख और बाइक की कीमत 50 हजार रुपये मानकर 8.4 लाख कारों को बदलने की लागत करीब 67,182 करोड़ रुपये और 17.3 लाख बाइकों की लागत करीब 8,648 करोड़ रुपये आंकी गई है।
हालांकि, परिवहन विभाग के अधिकारी के मुताबिक यह जरूरी नहीं कि प्रतिबंध लगने पर हर वाहन मालिक नई गाड़ी खरीदे। कुछ लोग पुरानी गाड़ी चलाना बंद कर सकते हैं या उसे बेचकर दूसरी गाड़ी खरीद सकते हैं।
BS-6 मानक कब लागू हुआ?
भारत में नए वाहनों के लिए BS-6 उत्सर्जन मानक 1 अप्रैल 2020 से अनिवार्य हुआ। इसका उद्देश्य वाहनों से निकलने वाले नाइट्रोजन ऑक्साइड, कार्बन मोनोऑक्साइड और अन्य प्रदूषकों को कम करना है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक 2019 में दिल्ली में रजिस्टर्ड 94.5 फीसदी वाहन BS-6 से कम मानक वाले थे, जबकि 2021 के बाद नए रजिस्ट्रेशन में इनकी हिस्सेदारी 0.10 फीसदी या उससे भी कम रह गई।