मायावती ने आकाश आनंद को सौंपी जनसभाओं की जिम्मेदारी, 28 अक्टूबर से शुरू होगा दौरा

Knews Desk– बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने संगठनात्मक बदलावों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर कई अहम घोषणाएं की हैं। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद 28 अक्टूबर से उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों में जनसभाएं और कार्यक्रम करेंगे। वहीं, अशोक सिद्धार्थ की पार्टी में वापसी की अटकलों को खारिज किया गया है। ईशान आनंद को भी पार्टी के सक्रिय कार्यों से जोड़ने की घोषणा की गई है।

बहुजन समाज पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, पार्टी प्रमुख मायावती के दिशा-निर्देशन में आकाश आनंद को आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने कहा है कि पहले हुई कुछ अप्रिय घटनाओं के लिए आकाश आनंद से ज्यादा उनके रिश्तेदार अशोक सिद्धार्थ जिम्मेदार थे। अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद आकाश आनंद पार्टी के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में जुट गए हैं।

आकाश आनंद की आगामी जनसभाओं और कार्यक्रमों का शेड्यूल भी जारी किया गया है। इसके तहत 28 अक्टूबर 2026 को बुलंदशहर, 2 नवंबर को सहारनपुर, 20 नवंबर को अयोध्या, 22 नवंबर को आगरा और 29 नवंबर को कानपुर नगर में जनसभा प्रस्तावित है।

इसके अलावा, 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर आकाश आनंद पंजाब में आयोजित विचार संगोष्ठी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, 6 दिसंबर को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर उत्तराखंड के हरिद्वार में आयोजित विचार संगोष्ठी और जनसभा को संबोधित करेंगे।

अशोक सिद्धार्थ की वापसी की अटकलें खारिज

बसपा ने अशोक सिद्धार्थ की पार्टी में दोबारा वापसी की अटकलों को खारिज किया है। पार्टी के बयान में स्पष्ट किया गया है कि उन्हें किसी भी स्थिति में दोबारा शामिल नहीं किया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं से ऐसी अफवाहों से सावधान रहने की अपील की गई है।

ईशान आनंद भी पार्टी के कामकाज से जुड़े

पार्टी की घोषणा में आनंद कुमार के छोटे बेटे ईशान आनंद के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में जुड़ने की जानकारी भी दी गई है। बयान के अनुसार, उन्होंने लंदन से कानून की पढ़ाई पूरी की है। मायावती के दिशा-निर्देशन में वह दिल्ली स्थित बसपा के केंद्रीय कार्यालय में चुनावी कार्यों, कानूनी मामलों और जरूरी दस्तावेजों से संबंधित जिम्मेदारियां संभालेंगे।

बसपा नेतृत्व ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा विरोधियों के कथित हथकंडों से सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *